श्री रेणुका जी: हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेले का गुरुवार को पारंपरिक हर्षोल्लास और धार्मिक श्रद्धा के साथ विधिवत आगाज हो गया। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने छह दिवसीय इस भव्य मेले का शुभारंभ किया। 19 से 24 नवंबर तक चलने वाले इस मेले के उद्घाटन अवसर पर सदियों से चली आ रही परंपरा के अनुसार ददाहू से भगवान परशुराम की भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें उप मुख्यमंत्री ने देव पालकी को कंधा देकर अपनी भागीदारी निभाई।

मेले के शुभारंभ से पहले उप मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के लोगों को विकास की बड़ी सौगातें भी दीं। उन्होंने 1.60 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले संगड़ाह बस अड्डे और 3.76 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले ददाहू बस अड्डे की आधारशिला रखी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इन दोनों बस अड्डों का निर्माण कार्य रिकॉर्ड समय में पूरा किया जाएगा। इसी दौरान उन्होंने ददाहू से लाना चेता और ददाहू से पांवटा साहिब के लिए एचआरटीसी (HRTC) की दो नई बस सेवाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जिनमें ददाहू से पांवटा साहिब के लिए शुरू की गई इलेक्ट्रिक बस सेवा भी शामिल है।
श्री रेणुका जी पहुंचने पर उप मुख्यमंत्री ने देश की प्रथम महिला प्रधानमंत्री और भारत रत्न स्वर्गीय इंदिरा गांधी की जयंती पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। मेले के महत्व पर प्रकाश डालते हुए मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि श्री रेणुका जी मेला हिमाचल के प्राचीन और पौराणिक मेलों में से एक है। जनश्रुति के अनुसार भगवान परशुराम साल में एक बार जामूकोटी से अपनी माता श्री रेणुका जी से मिलने आते हैं। मां के वात्सल्य और पुत्र की श्रद्धा का यह अनूठा संगम न केवल असंख्य श्रद्धालुओं की आस्था का प्रतीक है, बल्कि हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का भी एक अहम जरिया है।

इस अवसर पर श्री रेणुका जी के विधायक एवं विकास बोर्ड के अध्यक्ष विनय कुमार, नाहन के विधायक अजय सोलंकी, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं सिरमौर जिला कांग्रेस प्रभारी धर्मेंद्र धामी, जिला कांग्रेस अध्यक्ष आनंद परमार मौजूद रहे। इसके अलावा श्री रेणुका जी विकास बोर्ड की उपाध्यक्ष एवं सिरमौर की उपायुक्त प्रियंका वर्मा, पुलिस अधीक्षक निश्चिंत सिंह नेगी सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।