एल.आर. इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी की बेटियों ने HPTU के टॉप-10 में बनाई जगह

Photo of author

By Hills Post

सोलन: एल.आर. ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स के अंतर्गत संचालित एल.आर. इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी के प्रथम सेमेस्टर के छात्रों ने हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय (HPTU) के घोषित परीक्षा परिणामों में अभूतपूर्व सफलता हासिल की है। संस्थान की तीन मेधावी छात्राओं ने विश्वविद्यालय की ‘टॉप-10’ सूची में स्थान बनाकर न केवल कॉलेज, बल्कि पूरे जिले का नाम रोशन किया है।

घोषित परिणामों में छात्राओं ने अपनी शैक्षणिक प्रतिभा का लोहा मनवाया है। संस्थान की छात्रा आस्था मल्होत्रा ने 9.38 SGPA के साथ विश्वविद्यालय स्तर पर 5वां स्थान प्राप्त कर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की है। वहीं, गीतांजलि ने 9.34 SGPA के साथ 7वां स्थान और आकृति मेहता ने 9.30 SGPA के साथ 9वां स्थान हासिल कर मेरिट सूची में अपनी जगह पक्की की है।

छात्राओं की इस शानदार उपलब्धि पर संस्थान में खुशी का माहौल है। संस्थान की प्रबंध निदेशक शचि सिंह, अकादमिक निदेशक डॉ. पी.पी. शर्मा और प्राचार्य डॉ. अवनीत गुप्ता ने संयुक्त रूप से मेधावी छात्राओं और संपूर्ण शैक्षणिक स्टाफ को बधाई दी है।

संस्थान प्रशासन ने अपने संदेश में कहा कि यह सफलता छात्रों की कड़ी मेहनत, अटूट समर्पण और शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन का ही परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि यहाँ के छात्र भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखेंगे और फार्मेसी के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेंगे।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।