सोलन: हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में कंडाघाट के दो मंदिरों में हुई चोरी की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से इस मामले में एक शातिर चोर को सोलन से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान बिलासपुर जिले के रहने वाले 28 वर्षीय सुनील कुमार के रूप में हुई है। यह वही शख्स है जिसने कंडाघाट के श्रीनगर इलाके के शिव मंदिर और राजेश्वरी माता मंदिर के दानपात्र तोड़कर नकदी उड़ाई थी।

इस घटना की शिकायत कंडाघाट निवासी चैन सिंह ने 17 अक्टूबर 2026 को पुलिस थाना कंडाघाट में दर्ज करवाई थी। शिकायत में बताया गया था कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने श्रीनगर क्षेत्र में स्थित शिव मंदिर का दानपात्र तोड़कर करीब 18,000 रुपये और राजेश्वरी माता मंदिर से लगभग 3,000 रुपये चुरा लिए हैं। शिकायत मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी। जांच के दौरान मंदिरों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को बारीकी से खंगाला गया जिससे आरोपी सुनील कुमार की पहचान हो सकी।
सुनील कुमार मूल रूप से बिलासपुर जिले की सदर तहसील के बांदला डाकघर के गांव चनालग का रहने वाला है और उसके पिता का नाम श्री नंत राम है। पुलिस टीम ने उसे 19 अक्टूबर को सोलन से धर दबोचा। पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि सुनील एक आदतन अपराधी है। उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच करने पर सामने आया कि उसके खिलाफ पहले से ही बिलासपुर और नालागढ़ के अलग-अलग थानों में चोरी के छह मामले दर्ज हैं।
फिलहाल पुलिस ने चोरी की गई कुल रकम में से कुछ हिस्सा बरामद कर लिया है और बाकी पैसों की तलाश के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस आरोपी सुनील कुमार से गहराई से पूछताछ कर रही है और उसे 19 अक्टूबर को ही माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है ताकि मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई पूरी की जा सके।