कंडाघाट-चायल मार्ग तीन रातों के लिए रहेगा बंद

Photo of author

By Hills Post

सोलन: राष्ट्रीय उच्च मार्ग संख्या-05 पर सोलन से कैथलीघाट के बीच चल रहे फोरलेन निर्माण कार्य के दृष्टिगत सोलन प्रशासन ने महत्वपूर्ण यातायात आदेश जारी किए हैं। अतिरिक्त उपायुक्त (ADC) राहुल जैन द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, भारी मशीनरी और उपकरणों को स्थापित करने के लिए कंडाघाट से चायल जाने वाले मार्ग को कुछ समय के लिए बंद रखने का निर्णय लिया गया है।

यह प्रतिबंध तीन अलग-अलग तिथियों 6 फरवरी, 11 फरवरी और 17 फरवरी, 2026 को लागू रहेगा। इन तारीखों पर रात 10 बजे से लेकर अर्धरात्रि 2 बजे तक इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मशीनरी शिफ्ट करने के लिए चायल मार्ग के अलावा कोई अन्य वैकल्पिक रास्ता उपलब्ध नहीं है, इसलिए जान-माल की सुरक्षा को देखते हुए यह कदम उठाना अनिवार्य था।

प्रशासन ने निर्माण कंपनी को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे निर्धारित चार घंटों (रात 10 से 2 बजे) के भीतर ही अपना कार्य पूरा करें, ताकि आम जनता को अनावश्यक परेशानी न हो। आदेशों के तहत, कंपनी को कार्यस्थल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने होंगे, जिनमें उचित बैरिकेडिंग और चेतावनी साइन बोर्ड लगाना शामिल है।

इसके अलावा, पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर यातायात को नियंत्रित करने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। प्रशासन ने स्थानीय निवासियों और पर्यटकों से अपील की है कि वे इन तिथियों और समय को ध्यान में रखते हुए ही अपनी यात्रा की योजना बनाएं।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।