कसौली: गौशाला में छिपाकर रखी 16 पेटी अवैध शराब बरामद, मामला दर्ज

Photo of author

By Hills Post

सोलन: जिला पुलिस की टीम ने नशे और अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस थाना कसौली की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर दबिश देकर एक रिहायशी मकान से भारी मात्रा में अवैध देशी शराब बरामद की है।

पुलिस की गश्ती टीम को सूचना मिली थी कि गांव कन्जयारा में एक व्यक्ति अपने घर से अवैध शराब बेचने का काला कारोबार कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विरेन्द्र कुमार के रिहायशी मकान पर दबिश दी।

तलाशी के दौरान पुलिस तब दंग रह गई जब मकान के नीचे बनी गौशाला के अंदर छिपाकर रखी गई 16 गत्ता पेटियां देशी शराब नाटी नंबर-1 बरामद हुई। कुल मिलाकर 192 बोतलें अवैध रूप से भंडारण की गई थीं, जिन्हें पुलिस ने तुरंत अपने कब्जे में ले लिया।

पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया। आरोपी की पहचान विरेन्द्र कुमार (40 वर्ष) पुत्र ज्ञान चंद निवासी गांव कन्जयारा, डाकघर गोयला, तहसील कसौली (सोलन) के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया है। अन्वेषण के दौरान आरोपी से गहन पूछताछ की गई और BNSS, 2023 के प्रावधानों के अनुसार धारा 35(3) के तहत उसे आगामी कार्यवाही के लिए पाबंद किया गया है।

पुलिस प्रशासन अब आरोपी के पिछले आपराधिक रिकॉर्ड की गहनता से जांच कर रहा है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह पहले भी इस तरह की अवैध गतिविधियों में संलिप्त रहा है या नहीं। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध नशा और शराब माफिया के खिलाफ इस तरह की सख्त कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।