सिरसा: प्रेमी जोड़ों के लिए कब्रगाह बने हरियाणा प्रदेश में एक और प्रेमी जोड़े की जान खतरे में है। घायल प्रेमी ने फतेहाबाद जिले के आदमपुर क्षेत्र की पुलिस से सुरक्षा की मांग की है । जानकारी के अनुसार कुछ माह पूर्व गांव गंगवा की लड़की व दुर्गा कॉलोनी हिसार का लड़का जो एक-दूसरे से मोहबत करते थे, घर से भाग गए थे। कई माह तक घर से गायब रहने के कारण लड़की के परिजनों ने लड़की की गुमशुदगी की रपट दर्ज कराई थी। 29 सितंबर को प्रेमी जोड़े ने हिसार के आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली थी।

घटनाक्रम के अनुसार आज सुबह लड़का-लड़की आदमपुर पुलिस थाने में सुरक्षा की मांग करने आए थे। थाने में आने से पूर्व दोनों कॉलेज रोड पर एक होटल में खाना खाने बैठ गए। इसकी खबर लड़की के परिजनों को मिली तो चार-पांच गाडिय़ों में हथियार सहित लड़की के परिजन होटल में आ धमके तथा लड़के की पिटाई शुरू कर दी। हमलावरों ने मौके पर मौजूद लड़के की मां को भी नहीं बख्शा और लड़की को अपने साथ ले गए। बताया गया है कि लड़की ने अपने परिजनों के साथ जाने से इनकार किया तो उसे भी पीटा गया और लड़के को घायल करके लड़की को अपने साथ ले गए। समाचार लिखे जाने तक प्रेमी अपने परिजनों के साथ आदमपुर थाने में सुरक्षा मुहैया कराने की मांग पर पहुंच गया था।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version