नाहन : कालांअंब के अंतर्गत आने वाले गांव मीरपुर कोटला में पारिवारिक विवाद के दौरान मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित व्यक्ति की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता मनवीर श्री गुरुदेव, निवासी गांव मीरपुर कोटला (डाकघर पोलियो, तहसील नाहन, जिला सिरमौर) ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बीते कल सुबह वह अपने घर में बिजली की तार ठीक कर रहा था। उसी दौरान उसके बड़े भाई संजीव ने उसका रास्ता रोक लिया और उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।

जब मनवीर की पत्नी सुनीता उसे बचाने बीच-बचाव करने आईं, तो आरोपी बड़े भाई ने उनके साथ भी मारपीट की, जिससे दोनों पति-पत्नी को चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलने के बाद कालांअंब पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस द्वारा पीड़ित पक्ष का मेडिकल करवाया जा रहा है और मामले में आगे की कानूनी जांच जारी है।