कालांअंब में तेज रफ्तार बाइक ने पैदल महिला को मारी टक्कर, सिर में आई गंभीर चोटें

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : कालांअंब के मेन थाप्पल में (स्लीपवेल कंपनी के समीप) एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल चालक द्वारा पैदल जा रही महिला को टक्कर मारकर गंभीर रूप से घायल करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में ओम प्रकाश (निवासी सढौरा, जिला यमुनानगर, हरियाणा) ने बताया कि 21 सितंबर को वह अपनी मोटरसाइकिल (HR 71E-8968) पर सवार होकर कंपनी ड्यूटी जा रहा था। जब वह मेन थाप्पल के पास पहुंचा, तो पीछे से आ रही एक अन्य मोटरसाइकिल (HR 02 AD-4504) के चालक ने बेहद तेज रफ्तारी और लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए ओवरटेक करने की कोशिश की।

इसी दौरान आरोपी चालक ने सड़क पर पैदल चल रही एक महिला को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला सड़क पर गिर गई और उसके सिर में गंभीर चोटें आईं। हादसे में आरोपी की मोटरसाइकिल भी असंतुलित होकर सड़क पर गिर गई।

घटना के तुरंत बाद मौके पर पूछताछ करने पर मोटरसाइकिल चालक की पहचान पंकज शर्मा पुत्र रमेश शर्मा (निवासी गांव सढौरा, जिला यमुनानगर, हरियाणा) के रूप में हुई। वहीं घायल महिला की पहचान हेमा देवी पत्नी रविन्द्र प्रसाद भगत (निवासी बहादुरपुर पटोरी, जिला समस्तीपुर, बिहार; हाल निवासी मेन थाप्पल) के रूप में की गई। घायल महिला को तुरंत प्राथमिक उपचार और आगे के इलाज के लिए सिविल अस्पताल पांवटा साहिब ले जाया गया है।

मामले की पुष्टि करते हुए SP सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने बताया कि शिकायतकर्ता के बयानों के आधार पर आरोपी मोटरसाइकिल चालक पंकज शर्मा के खिलाफ थाना कालांअंब में लापरवाही से वाहन चलाने और दुर्घटना करने की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले में आगे की तफ्तीश कर रही है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।