नाहन : सिरमौर जिला के कालाअम्ब पुलिस थाना में जमीनी विवाद को लेकर पहुंचे एक व्यक्ति के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता द्वारा पुलिस कर्मियों पर ही मारपीट के आरोप लगाए गए हैं। इस संबंध में शिकायतकर्ता ने मीडिया को एक सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध करवाई है, जो अब चर्चा का विषय बना हुआ है।
शिकायतकर्ता पीयूष का कहना है कि वह जमीनी विवाद से जुड़े मामले में अपनी बात रखने कालाअंब पुलिस थाने पहुंचे थे। इस दौरान कुछ पुलिसकर्मियों ने उनके साथ कथित तौर पर मारपीट की। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस इस पूरे मामले में एकतरफा कार्रवाई कर रही है। पीयूष के अनुसार उन्होंने इस संबंध में उच्च अधिकारियों को भी लिखित शिकायत दी है, लेकिन अभी तक संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जबकि मारपीट का वीडियो भी सामने आ चुका है।

उधर, पुलिस अधीक्षक सिरमौर निश्चिंत सिंह नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पूरे प्रकरण की जांच एएसपी सिरमौर योगेश रोल्टा को सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि संबंधित पुलिसकर्मी को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया गया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
फिलहाल जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।