कालाअंब में बिजली बोर्ड की स्ट्राइक: 16 उद्योगों समेत 68 के कटे कनेक्शन, करोड़ों की रिकवरी!

नाहन : औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड ने बिजली बिलों का भुगतान न करने वाले डिफाल्टर उपभोक्ताओं के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक शुरू कर दी है। बोर्ड की इस सख्ती से बकायेदारों में हड़कंप मच गया है। ताजा कार्रवाई के दौरान विभाग ने न केवल उद्योगों, बल्कि घरेलू उपभोक्ताओं पर भी चाबुक चलाया है, जिसके परिणामस्वरूप बोर्ड को 1.49 करोड़ रुपये की भारी-भरकम रिकवरी करने में सफलता मिली है।

विद्युत उपमंडल कालाअंब के तहत आने वाले कई उपभोक्ता लंबे समय से बिलों की अदायगी में कोताही बरत रहे थे। विभाग ने कड़ा रुख अपनाते हुए 16 औद्योगिक इकाइयों और 52 घरेलू उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काट दिए। इस कार्रवाई के तुरंत बाद डिफाल्टरों ने बकाया राशि जमा करवाई, जिसमें उद्योगों से 1.35 करोड़ रुपये और घरेलू उपभोक्ताओं से 14 लाख रुपये की वसूली हुई।

सहायक अभियंता (SDO) ई. महेश चौधरी ने मामले की जानकारी करते हुए बताया कि कुल 1.49 करोड़ रुपये की बकाया राशि वसूल कर ली गई है। उन्होंने जानकारी दी कि जिन उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गए थे, उनके द्वारा भुगतान किए जाने के बाद बिजली की आपूर्ति पुनः बहाल कर दी गई है।

ई. महेश चौधरी ने उपभोक्ताओं को सचेत करते हुए अपील की है कि वे भविष्य में किसी भी अप्रिय कार्रवाई और असुविधा से बचने के लिए अपने बिजली बिलों का समय पर भुगतान सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया है कि बिल जमा न करने वाले डिफाल्टरों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।