कोटड़ी व्यास स्कूल के 6 खिलाड़ी SGFI नेशनल गेम्स में करेंगे हिमाचल का प्रतिनिधित्व

Photo of author

By Hills Post

नाहन: शहीद कमल कांत मेमोरियल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कोटड़ी व्यास के लिए यह एक बेहद गर्व का क्षण है। स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) की ओर से आयोजित 70वीं राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता 2026-27 में इस स्कूल के छह होनहार खिलाड़ी हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने जा रहे हैं।

अंडर-19 वर्ग में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का जलवा बिखेरने के लिए स्कूल की चार छात्राएं और दो छात्र पूरी तरह तैयार हैं। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 31 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक नई दिल्ली के त्यागराज स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेली जाएगी।

ये खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम

राष्ट्रीय स्तर पर हिमाचल का प्रतिनिधित्व करने वाली छात्राओं में अंश्वी, श्वेता, दीपिका (ऊपरली कोटड़ी) और स्नेहा (चांदपुर) शामिल हैं। वहीं, लड़कों के वर्ग में ध्रुव (चांदपुर) और आर्यन ऊपरली कोटड़) अपनी चुनौती पेश करेंगे। बच्चों के इस चयन पर उनके परिजनों ने भी गहरी खुशी और गर्व जाहिर किया है।

मेहनत और अनुशासन का मिला फल

इस शानदार उपलब्धि पर स्कूल के प्रधानाचार्य जीवन प्रकाश जोशी ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि ग्रामीण अंचल के इन बच्चों ने अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन और कोच धर्मेंद्र चौधरी के सही मार्गदर्शन से स्कूल और पूरे इलाके का नाम रोशन किया है।

इसके साथ ही, विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष मान सिंह, पूर्व प्रधान सुरेश कुमार, बीडीसी सदस्य राजेश कुमार, एसएमसी सदस्य मूलराज, राजकुमार, सुभाष देवी, सरबजीत कौर, मीरा देवी, पवन कुमार और हिल व्यू पब्लिक स्कूल माजरा के एजुकेशन डायरेक्टर व पूर्व प्रिंसिपल राजेश शर्मा समेत क्षेत्र के सभी गणमान्य लोगों ने खिलाड़ियों, उनके माता-पिता और कोच को बधाई देते हुए नेशनल गेम्स में उनके बेहतरीन प्रदर्शन की कामना की है।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।