क्रिकेट के मैदान से इंसानियत की पारी! साथी की मदद के लिए HPCA के दिग्गजों ने बढ़ाया हाथ

शिमला : खेल के मैदान से मानवता की एक बड़ी और सुखद खबर सामने आई है। हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (HPCA) की अंपायर्स, स्कोरर्स और रेफरी कम्युनिटी ने इंसानियत की एक अनूठी मिसाल पेश करते हुए अपने एक आपदा प्रभावित साथी की मदद के लिए हाथ आगे बढ़ाए हैं।

बता दें कि पिछले दिनों हिमाचल प्रदेश में आई भीषण प्राकृतिक आपदा में HPCA के कर्मठ कार्यकर्ता रमेश कुमार का घर पूरी तरह से नष्ट हो गया था। अपना सब कुछ गंवा देने के बाद रमेश कुमार किराए के मकान में रहने को मजबूर थे और आर्थिक तंगी से जूझ रहे थे।

रमेश कुमार की इस बदहाली को देखते हुए HPCA अंपायर्स, स्कोरर्स और रेफरी कमेटी के सदस्यों ने एक संयुक्त प्रयास शुरू किया। इस मुहिम के तहत कमेटी ने 1,11,111 (एक लाख ग्यारह हजार एक सौ ग्यारह) रुपये की सम्मानजनक राशि एकत्रित की और इसे रमेश कुमार को सौंपा ताकि वे अपने जीवन की नई शुरुआत कर सकें।

इस नेक कार्य के दौरान अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त अंपायर वीरेंद्र शर्मा (ICC अंपायर), बीसीसीआई मैच रेफरी शक्ति सिंह, अमित शर्मा, बीसीसीआई अंपायर अमित राणा, वरुण नेगी और HPCA अंपायर नवीन विशेष रूप से मौजूद रहे। खेल जगत के इन दिग्गजों ने साबित कर दिया है कि मुश्किल वक्त में अपने साथियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा होना ही सबसे बड़ी जीत है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।