चालदा महासू धाम को स्वच्छ रखना भी देव-सेवा, पशमी को प्लास्टिक मुक्त रखने की अपील

नाहन : शिलाई क्षेत्र के पशमी में विराजमान आराध्य देव चालदा महासू महाराज के दर्शनों के लिए इन दिनों हिमाचल और उत्तराखंड से भारी संख्या में श्रद्धालु पहुँच रहे हैं। महाराज के प्रति अगाध श्रद्धा के बीच अब स्थानीय प्रबुद्ध नागरिकों और पर्यावरण प्रेमियों ने देवस्थान की पवित्रता और स्वच्छता को बनाए रखने के लिए श्रद्धालुओं से एक विशेष अपील की है।

दरअसल, मंदिर में बढ़ती भीड़ के कारण परिसर और उसके आसपास के रास्तों पर चिप्स के पैकेट, खाली प्लास्टिक की बोतलें और डिस्पोजल कप-प्लेट बिखरे नजर आ रहे हैं। चूंकि चालदा महासू महाराज का प्रवास क्षेत्र के लिए एक बेहद पवित्र और ऐतिहासिक अवसर है, इसलिए देव-भूमि की मर्यादा और पर्यावरण को बचाना भी हर भक्त की जिम्मेदारी है।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि महासू महाराज की सेवा और भक्ति तभी पूर्ण होती है जब हम उनके धाम को भी स्वच्छ और सुंदर रखें। श्रद्धालुओं से आग्रह किया जा रहा है कि वे खाने-पीने की चीजों का कचरा खुले में न फेंकें। साथ ही, मंदिर प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन से भी मांग की जा रही है कि परिसर के आसपास पर्याप्त मात्रा में डस्टबिन (कूड़ेदान) स्थापित किए जाएं ताकि हमारी पावन वादियां और पवित्र देवस्थान प्लास्टिक के दाग से मुक्त रह सकें।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।