चूड़धार धाम में सिरमौरी पुजारी की ईमानदारी ने पेश की मिसाल, लौटाए 5 लाख के गहने और नकदी

नाहन : समुद्र तल से 11,965 फीट की ऊंचाई पर स्थित बाहरी हिमालय की सबसे ऊंची चोटी और आस्था के प्रमुख केंद्र चूड़धार धाम से मानवता और ईमानदारी का एक ऐसा अनूठा उदाहरण सामने आया है, जिसने समाज में सच के प्रति विश्वास को और गहरा कर दिया है। मंदिर के मुख्य सेवादार और शिरगुल महाराज के विख्यात पुजारी पंडित दीप राम शर्मा (जिन्हें श्रद्धालु प्यार से ‘सिरमौरी पुजारी जी’ कहते हैं) ने एक श्रद्धालु का खोया हुआ पर्स उसके असली मालिक तक सुरक्षित पहुंचाकर ईमानदारी की नई मिसाल कायम की है। इस पर्स में लगभग 5 लाख रुपये के सोने के आभूषण और ₹7,910 की नकदी मौजूद थी।

यह घटना बीते शनिवार की है, जब चूड़धार चोटी के पास मंदिर प्रबंधन को यह कीमती पर्स लावारिस हालत में मिला। पर्स के भीतर सोने का मंगलसूत्र, अंगूठियां और पेंडेंट-लॉकेट जैसी कीमती चीजें थीं, लेकिन मालिक की पहचान से जुड़ा कोई दस्तावेज नहीं था। पर्स मिलने की खबर फैलते ही कुछ लोगों ने इस पर झूठा दावा जताने की भी कोशिश की। लेकिन करीब 25 वर्षों से मंदिर की सेवा कर रहे पुजारी दीप राम शर्मा अपने सिद्धांतों पर अडिग रहे। उन्होंने साफ कर दिया कि जब तक कोई व्यक्ति पर्स के भीतर रखे सामान और नकदी का एक-एक सटीक ब्योरा नहीं देगा, तब तक अमानत किसी को नहीं सौंपी जाएगी।

इसके बाद चूड़धार मंदिर समिति के प्रबंधक श्याम लाल शर्मा ने पारदर्शिता अपनाते हुए फेसबुक पर एक वीडियो जारी कर पर्स मिलने की सूचना सार्वजनिक की। आखिरकार सोमवार को उत्तराखंड के विकासनगर की रहने वाली रीना शर्मा से संपर्क हुआ, जिन्होंने पर्स की एक-एक चीज का बिल्कुल सही विवरण दिया।

रीना शर्मा चूड़धार से वापस लौटते समय अपनी इस जीवनभर की पूंजी को खोकर गहरे सदमे में थीं और उम्मीद छोड़ चुकी थीं। लेकिन जब उन्हें फोन पर सामान सुरक्षित होने की जानकारी मिली, तो उनकी आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े।

चूड़धार की दुर्गम चढ़ाई और दूरी को देखते हुए रीना शर्मा ने अपने रिश्तेदार ऋतिक शर्मा (निवासी दशऊ, उत्तराखंड) को सामान लेने भेजा। मंगलवार को चुड़ेश्वर सेवा समिति के सेवादारों सोहन, जिया लाल, रोशन, और प्रदीप की उपस्थिति में ऋतिक को पूरा सामान पूरी सुरक्षा के साथ सौंप दिया गया।

मूल रूप से सिरमौर के शिलाई क्षेत्र के नाया गांव (शुनकुटा) के रहने वाले और वर्तमान में रोनहाट के निवासी पंडित दीप राम शर्मा की इस कर्तव्यनिष्ठा की पूरे क्षेत्र में सराहना हो रही है। श्रद्धालुओं का कहना है कि जहां ऐसे सच्चे और ईमानदार सेवादार हों, वहां भगवान के प्रति आस्था और ज्यादा मजबूत हो जाती है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।