जिला कांग्रेस कमेटी सिरमौर ने धूमधाम से मनाया कांग्रेस का 140वां स्थापना दिवस

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : जिला कांग्रेस कमेटी सिरमौर द्वारा आज भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का 140वां स्थापना दिवस बड़े ही उत्साह और धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस पार्टी के सभी अग्रणी संगठनों के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष आनंद परमार ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस वह पार्टी है जिसने महात्मा गांधी, पंडित जवाहरलाल नेहरू, सुभाषचंद्र बोस, सरदार वल्लभभाई पटेल, मौलाना अबुल कलाम आज़ाद और लालबहादुर शास्त्री जैसे महान नेताओं के नेतृत्व में देश की आज़ादी की लड़ाई लड़ी। कांग्रेस ने अन्याय, अत्याचार, दमन और हिंसा के खिलाफ सत्य, अहिंसा, प्रेम और भाईचारे को अपना हथियार बनाया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा लोकतंत्र, समानता, सामाजिक न्याय और राष्ट्रीय एकता के लिए निरंतर संघर्ष किया है। ऐसी गौरवशाली परंपरा वाली पार्टी का हिस्सा होना उनके लिए अत्यंत सौभाग्य और गर्व की बात है।

स्थापना दिवस के अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने पार्टी के सभी नेताओं, कार्यकर्ताओं और देशभर के करोड़ों समर्थकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को और मजबूत करने तथा कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान भी किया।

कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस की ऐतिहासिक विरासत, बलिदान और देश निर्माण में दिए गए योगदान को याद किया गया तथा आगामी समय में संगठन को और सशक्त बनाने का संकल्प लिया गया।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।