टेगोर इंटरनेशनल स्कूल में ASP रमेश शर्मा ने छात्रों को नशे और साइबर क्राइम से किया आगाह

Photo of author

By Hills Post

सोलन: खुंडीधार स्थित टेगोर इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल में शनिवार को वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह बड़ी धूमधाम से मनाया गया। इस कार्यक्रम में एएसपी सोलन रमेश शर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की, जबकि समारोह की अध्यक्षता प्रोफेसर टीडी वर्मा ने की। समारोह के दौरान स्कूल के छात्र-छात्राओं ने अपनी शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से वहां मौजूद अतिथियों और अभिभावकों का दिल जीत लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक तरीके से हुई, जिसके बाद शैक्षणिक, खेलकूद और अन्य गतिविधियों में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले छात्रों को मुख्य अतिथि एएसपी रमेश शर्मा ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

नशे से दूर रहें, सोशल मीडिया पर बरतें सावधानी: एएसपी

मुख्य अतिथि एएसपी रमेश शर्मा ने छात्रों को संबोधित करते हुए शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक चुनौतियों के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश देते हुए कहा कि नशा सिर्फ इंसान का भविष्य नहीं बिगाड़ता, बल्कि यह पूरे परिवार और समाज के लिए एक गंभीर बीमारी है। अपनी ऊर्जा को सकारात्मक कामों में लगाना चाहिए।

इसके साथ ही, उन्होंने साइबर क्राइम के बढ़ते मामलों को देखते हुए इंटरनेट और सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल पर भी जोर दिया। एएसपी ने छात्रों को हिदायत दी कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी निजी जानकारी, पासवर्ड या ओटीपी साझा न करें और संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें।

सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता

समारोह की अध्यक्षता कर रहे प्रोफेसर टीडी वर्मा ने विद्यार्थियों को जीवन में साफ लक्ष्य तय करने और उसे हासिल करने के लिए कड़ी मेहनत और अनुशासन अपनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, यह नियमित अभ्यास और सकारात्मक सोच से ही मिलती है।

वहीं, स्कूल की प्रधानाचार्या ललिता पंवार ने वार्षिक रिपोर्ट पेश कर साल भर की उपलब्धियां बताईं और निदेशक डॉ. बीएस पंवार ने बच्चों को खेलकूद और अन्य गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

छात्रों ने बिखेरे हिमाचली नाटी और राजस्थानी नृत्य के रंग

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बच्चों की रंगारंग प्रस्तुतियां रहीं। हिमाचली नाटी के जरिए छात्रों ने प्रदेश की समृद्ध लोक संस्कृति की झलक दिखाई, तो वहीं राजस्थानी लोकनृत्य की प्रस्तुति ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। समारोह में स्कूल प्रबंधन, शिक्षक, बड़ी संख्या में छात्र और उनके अभिभावक मौजूद रहे।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।