सोलन: डगशाई पब्लिक स्कूल (DPS) में कक्षा 12वीं के छात्रों के लिए एक भव्य और भावपूर्ण विदाई एवं शुभकामना समारोह का आयोजन किया गया। कक्षा 11वीं के छात्रों द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में गरिमा, उत्साह और भावनाओं का अनूठा संगम देखने को मिला। समारोह में स्कूल के डायरेक्टर प्रिंसिपल रविंद्र वोहरा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि स्कूल एडवाइजर सिमरन थापर विशेष अतिथि के तौर पर मौजूद रहीं।

कार्यक्रम का आगाज 12वीं कक्षा की अध्यापिका के प्रेरणादायक संबोधन से हुआ। इसके बाद हेड बॉय फतेह कंवर सिंह और हेड गर्ल हर्षिता शुक्ला ने स्कूल में बिताए अपने खट्टे-मीठे अनुभवों को साझा किया, जिससे वहां मौजूद सभी लोग भावुक हो गए। छात्रों की यादों को ताजा करने के लिए एक विशेष चलचित्र (Video Montage) भी प्रदर्शित किया गया, जिसे देखकर सबकी आंखें नम हो गईं। वहीं, अभिभावकों ने वीडियो संदेशों के माध्यम से स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों का आभार जताया।
समारोह में मनोरंजन का भी पूरा तड़का लगा। दसवीं कक्षा की छात्राओं ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर समा बांधा, जबकि सीनियर छात्रों के लिए म्यूजिकल चेयर और प्रश्नोत्तरी जैसी मजेदार गतिविधियां आयोजित की गई। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्रतिष्ठित खिताबों की घोषणा रही। फतेह कंवर सिंह को ‘मिस्टर डीपीएस’ और हर्षिता शुक्ला को ‘मिस डीपीएस’ के ताज से नवाजा गया।
इसके अलावा, उदयवीर सिंह ने ‘मिस्टर स्वैग’ और आन्या मल्होत्रा ने ‘मिस एलिगेंट’ का खिताब अपने नाम किया। मुख्य अतिथि रविंद्र वोहरा ने छात्रों को जीवन में अनुशासन और लक्ष्य निर्धारण का महत्व समझाते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अंत में केक काटने की रस्म, डीजे पार्टी और स्वादिष्ट भोजन के साथ इस यादगार दिन का समापन हुआ। इस मौके पर प्रशासनिक अधिकारी अंकुश सूद, एकेडमिक कोऑर्डिनेटर पूनम और अन्य शिक्षक मौजूद रहे।