त्रिलोकपुर में नाबार्ड के सहयोग से डिजिटल वित्तीय साक्षरता शिविर का आयोजन

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक की त्रिलोकपुर शाखा द्वारा आज नाबार्ड के सौजन्य से एक दिवसीय डिजिटल वित्तीय साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य स्थानीय ग्रामीणों को आधुनिक बैंकिंग सेवाओं और सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय निवासियों ने भाग लेकर बैंकिंग के नए आयामों की जानकारी प्राप्त की।

शिविर के दौरान कार्यकारी सहायक मोहित वर्मा ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही प्रमुख योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, अटल पेंशन योजना और प्रधानमंत्री जन धन योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कैसे ये योजनाएं विषम परिस्थितियों में आम नागरिक को वित्तीय सुरक्षा प्रदान करती हैं। इसके साथ ही, उन्होंने बैंक की बचत योजनाओं जैसे महिला सशक्तिकरण ऋण योजना, छात्रों के लिए ‘सपनों का संचय’ योजना और पिग्मी बचत योजना के फायदों के बारे में भी बताया।

ग्रामीणों को सशक्त बनाने के उद्देश्य से बैंक अधिकारी ने विभिन्न ऋण सुविधाओं जैसे किसान क्रेडिट कार्ड (KCC), हिम स्वरोजगार क्रेडिट कार्ड, गृह ऋण और स्वयं सहायता समूहों (SHG) व जे.एल.जी. (JLG) को मिलने वाले लाभों पर चर्चा की। उन्होंने ग्रामीणों को डिजिटल बैंकिंग अपनाने के लिए प्रेरित किया और मोबाइल बैंकिंग के सुरक्षित उपयोग के प्रति सचेत किया। मोहित वर्मा ने विशेष रूप से जोर दिया कि एटीएम पिन या अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें, ताकि साइबर ठगी से बचा जा सके।

शिविर के समापन पर मोहित वर्मा ने ग्रामीणों से अधिक से अधिक संख्या में बैंक से जुड़ने और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया। इस अवसर पर प्राथमिक कृषि साख समिति के सचिव अशोक कुमार सहित सचिन कुमार, विक्रम सिंह, बीरबल सिंह, विजय, श्यामा देवी, हेम लता और अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने बैंक के इस प्रयास की सराहना की और इसे भविष्य के लिए अत्यंत लाभकारी बताया।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।