ददाहू में सरकारी सड़क को नुकसान पहुँचाना पड़ा भारी, आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : हिमाचल प्रदेश लोक निर्माण विभाग (H.P.P.W.D.) की सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुँचाने के आरोप में रेणुका जी पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई विभाग के सहायक अभियंता (AE) ददाहू सब-डिवीजन, दलीप सिंह की शिकायत पर अमल में लाई गई है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) और सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिकायत के अनुसार, आरोपी अजय गर्ग, पुत्र श्याम लाल, निवासी ददाहू ने ददाहू-बेचर का बाग सड़क के नीचे अवैध रूप से खुदाई की थी। इस खुदाई के कारण सरकारी सड़क को काफी क्षति पहुँची है, जिससे विभाग को वित्तीय नुकसान के साथ-साथ सड़क की सुरक्षा पर भी खतरा पैदा हो गया है। लोक निर्माण विभाग ने इसे सरकारी संपत्ति का उल्लंघन मानते हुए पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज करवाई।

पुलिस थाना रेणुका जी में इस संबंध में धारा 324, 326(2) BNS और 3 PDP Act के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए इसका अन्वेषण (Investigation) जारी है और मौके के साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। सरकारी संपत्ति के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ विभाग अब सख्त रुख अपना रहा है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।