धर्मपुर में दुकान का ताला तोड़कर उड़ाया 1.20 लाख का सामान, 24 घंटे में दबोचे चोर

Photo of author

By Hills Post

सोलन: जिला की धर्मपुर पुलिस ने चोरी की एक वारदात को महज कुछ ही घंटों में सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। धर्मपुर-सुबाथु रोड पर रेलवे पुल के पास स्थित एक रिपेयरिंग खोखे का ताला तोड़कर चोरों ने लाखों का सामान पार कर दिया था, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी और सीसीटीवी कैमरों की मदद से दोनों आरोपी अब सलाखों के पीछे हैं।

मामला तब सामने आया जब धर्मपुर निवासी मंगत राम ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। उन्होंने बताया कि वे रेलवे पुल के पास एक खोखे में गैस चूल्हे, कुकर और भट्टी रिपेयरिंग का काम करते हैं। 11 फरवरी की रात वे अपनी दुकान बंद करके घर चले गए थे। अगली सुबह यानी 12 फरवरी को जब वे वापस काम पर लौटे, तो देखा कि दुकान का ताला टूटा हुआ था और अंदर रखा सामान गायब था। चोरों ने दुकान से 5 गैस चूल्हे, एक 5 किलो का छोटा सिलेंडर, 2 भट्टियां, 8 कुकर के ढक्कन और अन्य औजार चुरा लिए थे, जिनकी कीमत करीब 1 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है।

शिकायत मिलते ही धर्मपुर पुलिस ने मौके का मुआयना किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। फुटेज और तकनीकी जांच में दो युवक संदिग्ध पाए गए। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए वीरेंद्र उर्फ बाबू (25), निवासी गांव गसान कसौली और अभिषेक उर्फ अभी (24), निवासी गांव सनावर कसौली को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी हुआ सारा सामान भी बरामद कर लिया है। दोनों आरोपियों को आजकोर्ट में पेश किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि क्या ये आरोपी पहले भी किसी वारदात में शामिल रहे हैं।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।