नालागढ़ में मैकेनिक की दुकान से 3.04 ग्राम चिट्टा और 265 ग्राम अफीम बरामद, तीन काबू

सोलन : पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान के कुशल निर्देशन में नशे के काले कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नालागढ़ पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। बद्दी पुलिस की स्पेशल सेल-एक्स टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मगनपुरा स्थित एक मोटरसाइकिल मैकेनिक की दुकान पर दबिश देकर तीन आरोपियों को धर दबोचा। तलाशी के दौरान पुलिस ने दुकान से 3.04 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) और 265 ग्राम अफीम बरामद करने में सफलता हासिल की है।

पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान गफूर मोहम्मद (पुत्र लियाकत अली) निवासी गांव झिड़ां, डाकघर मंझोली; संतोख सिंह (पुत्र हरबंस सिंह) निवासी गांव सोडी राजपूताना तथा गुरप्रीत सिंह (पुत्र कुलदीप सिंह) निवासी गांव ढांग निचली के रूप में की गई है। पुलिस की स्पेशल सेल-एक्स टीम को मगनपुरा की एक बाइक मैकेनिक दुकान में नशे का अवैध धंधा चलाए जाने की पुख्ता सूचना मिली थी, जिसके बाद तुरंत योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी कर आरोपियों को रंगे हाथों काबू किया गया।

इस संबंध में तीनों आरोपियों के विरुद्ध पुलिस थाना नालागढ़ में मादक द्रव्य अधिनियम (ND&PS Act) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल करेगी। पुलिस का मानना है कि रिमांड के दौरान आरोपियों से पूछताछ में नशे के इस अवैध नेटवर्क और सप्लायरों से जुड़े कई अन्य अहम खुलासे हो सकते हैं। मामले में पुलिस की आगामी छानबीन और जांच लगातार जारी है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।