नाहन : सिरमौर जिला के मुख्यालय नाहन के जाने-माने व्यक्तित्व और स्वास्थ्य विभाग के सेवानिवृत कर्मचारी रोशन लाल रतन का आज शुक्रवार सुबह PGI चंडीगढ़ में निधन हो गया। वह 86 वर्ष के थे। उनके निधन की खबर से पूरे नाहन शहर और स्वास्थ्य विभाग के हलकों में शोक की लहर है।
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, रोशन लाल रतन पिछले कुछ समय से उम्र से संबंधित बीमारियों से जूझ रहे थे। उनका उपचार पीजीआई चंडीगढ़ में चल रहा था, जहाँ आज सुबह करीब 11:00 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।

रोशन लाल रतन ने नाहन अस्पताल में अपनी लंबी और सराहनीय सेवाएं दी थीं। सेवानिवृत्ति के बाद भी वह अपने मिलनसार स्वभाव और सामाजिक कार्यों के कारण लोगों के बीच काफी लोकप्रिय थे। स्थानीय निवासियों ने उन्हें एक कर्तव्यनिष्ठ और मृदुभाषी व्यक्ति के रूप में याद किया।
स्वास्थ्य विभाग से सेवानिवृत श्री रोशन लाल रतन जी का पार्थिव शरीर आज शाम उनके नाहन स्थित निवास स्थान पर पहुँच गया है। परिजनों ने सूचित किया है कि उनकी अंतिम यात्रा कल, शनिवार सुबह 11:00 बजे उनके निवास से शुरू होगी और मोक्षधाम नाहन में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
उनके निधन पर शहर के विभिन्न सामाजिक संगठनों और गणमान्य व्यक्तियों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं।