नाहन: कच्चा टैंक मस्जिद में ईद-मिलादुन्नबी की धूम; बच्चों ने नात और तकरीर से बिखेरी रूहानी छटा

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : कच्चा टैंक स्थित मस्जिद में ईद-मिलादुन्नबी का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास, सादगी और धार्मिक उत्साह के साथ मनाया गया। पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मुहम्मद के यौम-ए-विलादत (जन्मदिवस) के शुभ अवसर पर मस्जिद परिसर में एक विशेष और भव्य धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण छोटे-छोटे बच्चों की उत्साही भागीदारी रही। लगभग 80 बच्चों ने कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी सुरीली आवाज में नात-ए-पाक प्रस्तुत की। इसके अलावा बच्चों ने तकरीर (भाषण) और विभिन्न धार्मिक प्रस्तुतियों के जरिए पैगंबर साहब के जीवन, उनकी शिक्षाओं और उनके संदेशों पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में नायरा, मायरा, आफाक, उमर, अलीना, शिफा, सारा, अबुजर और अयान सहित कई बच्चों ने अपनी बेहतरीन प्रस्तुतियों से वहां मौजूद सभी लोगों का दिल जीत लिया।

आयोजकों ने कार्यक्रम के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ईद-मिलादुन्नबी का मुख्य उद्देश्य पैगंबर-ए-इस्लाम की सीरत (पवित्र चरित्र), उनके आपसी प्रेम, भाईचारे, इंसानियत और अमन-चैन के पैगाम को नई पीढ़ी और समाज तक पहुंचाना है। पूरे कार्यक्रम के दौरान बच्चों में भारी उत्साह देखा गया और पूरा माहौल रूहानी उल्लास से सराबोर रहा।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।