नाहन: कटर गैंग की निशानदेही पर IPH विभाग की लाखों की मोटरें और स्विफ्ट कार बरामद

नाहन : सिरमौर पुलिस ने जल शक्ति विभाग की विभिन्न पेयजल और सिंचाई योजनाओं से सरकारी उपकरण चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ अपनी जांच में एक और बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके पांच आरोपियों की निशानदेही पर आज चोरी का भारी सामान और वारदातों में इस्तेमाल किया गया वाहन बरामद करने में कामयाबी हासिल की है।

पुलिस जांच के दौरान हिरासत में लिए गए आरोपी विशाल, हरपन, सुलेमान, प्रिंस और गगन से हुई कड़ी पूछताछ के बाद आज पुलिस की एक विशेष टीम ने सुखचैनपुर स्थित मोहित (स्क्रैप डीलर) की दुकान और स्टोर पर छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से जल शक्ति विभाग की 3 नई मोटरें (अनुमानित कीमत ₹36,000 प्रति मोटर), करीब ₹3 लाख की कीमत वाला 1 स्टार्टर और ₹35,000 मूल्य का 1 ऑयल सर्किट ब्रेकर बरामद किया है। इसके अलावा, पुलिस ने चोरी का सामान ढोने में इस्तेमाल की गई एक स्विफ्ट कार को भी अपने कब्जे में ले लिया है।

उल्लेखनीय है कि यह मामला जल शक्ति उप-मंडल नाहन के सहायक अभियंता (AE) रोशन लाल की शिकायत पर दर्ज किया गया था। शिकायत के मुताबिक, 28 जनवरी से 21 फरवरी 2026 के बीच शम्बुवाला, मलोनवाला भूड़ और खजूरना स्थित विभिन्न योजनाओं (WSS/LIS) से अज्ञात शातिरों ने मोटर, पंप सेट और बिजली के केबल उड़ा लिए थे।

पुलिस ने न केवल आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुँचाया, बल्कि उनके पास से वारदात में प्रयुक्त टूलकिट, लोहे की रॉड और कटर जैसे औजार भी बरामद किए हैं। पुलिस अब इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और गहन छानबीन में जुटी है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।