नाहन: काँशीवाला में नशे का इंजेक्शन लगाते युवक को पुलिस ने दबोचा; मामला दर्ज

नाहन: जिला सिरमौर पुलिस द्वारा नशे के सौदागरों और नशा करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कच्चा टैंक पुलिस चौकी की टीम ने एक और सफलता हासिल की है। पुलिस ने काँशीवाला ग्राउंड के पास झाड़ियों में छिपकर नशे का इंजेक्शन लगा रहे एक युवक को रंगे हाथों पकड़ा है।

जानकारी के अनुसार, कल जब कच्चा टैंक पुलिस की टीम मिल्क चिलिंग प्लांट और काँशीवाला ग्राउंड के समीप नियमित गश्त पर थी। इस दौरान पुलिस की नज़र झाड़ियों में संदिग्ध अवस्था में छिपे हुए एक व्यक्ति पर पड़ी। पुलिस को पास आता देख युवक घबरा गया। जब पुलिस ने उससे पूछताछ की, तो उसकी पहचान शुभम (पुत्र गिरधारी लाल), निवासी मोगीनंद, कालाअम्ब के रूप में हुई।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि वह चिट्टा/हेरोइन का आदी है और जिस समय पुलिस ने उसे पकड़ा, उसने ठीक उसी समय प्लास्टिक की सिरिंज के माध्यम से नशा इंजेक्ट किया था। पुलिस ने मौके से आरोपी के कब्जे से नशा करने में इस्तेमाल की गई प्लास्टिक सिरिंज, एक प्लास्टिक बोतल और ढक्कन बरामद किया है।

पुलिस थाना नाहन में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस मामले में आगामी अन्वेषण (Investigation) कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपी नशा कहाँ से खरीदता था और क्षेत्र में इस अवैध नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।