नाहन-कालाअंब रोड पर 6.80 ग्राम चिट्टे के साथ दो स्थानीय युवक गिरफ्तार

नाहन : पुलिस की डिटेक्शन सेल ने नशे के खिलाफ अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। नाहन-कालाअंब मार्ग पर स्थित कंगनीवाला नेचर पार्क के समीप नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने एक स्कूटी पर सवार दो युवकों को संदिग्ध अवस्था में रोका। जब पुलिस टीम ने स्कूटी (HP71A6506) और युवकों की गहन तलाशी ली, तो उनके कब्जे से 6.80 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई। पुलिस ने मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों को तुरंत हिरासत में ले लिया।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान नाहन शहर के ही स्थानीय निवासियों के रूप में हुई है। इनमें 28 वर्षीय शोएब खान पुत्र मोहम्मद रफी , निवासी अमरपुर मोहल्ला और 25 वर्षीय अभिनव कश्यप पुत्र राज कुमार, निवासी शिमला रोड, हाथी की कब्र शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सदर नाहन में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की आगामी कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

पुलिस अब इस मामले के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज को खंगालने में जुटी है। जांच का मुख्य केंद्र यह पता लगाना है कि इतनी मात्रा में चिट्टा शहर में कहां से लाया गया था और ये युवक इसे किन लोगों को बेचने की फिराक में थे। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इन आरोपियों से पूछताछ के दौरान जिले में सक्रिय नशे के बड़े नेटवर्क और अन्य संलिप्त अपराधियों के बारे में महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं, ताकि नशे के इस अवैध कारोबार को जड़ से मिटाया जा सके।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।