नाहन की नाविका शर्मा ने खेलो इंडिया महिला लीग मार्शल आर्ट्स में जीता स्वर्ण पदक

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : पेंचक सिल्ट खिलाड़ी नाविका शर्मा ने अस्मिता खेलो इंडिया महिला लीग, हिमाचल प्रदेश में अपने आयु व भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया। स्वर्ण पदक जीतकर लौटने पर वॉरटाइम कॉम्बैट सिस्टम मार्शल आर्ट्स अकादमी, नाहन में उनका जोरदार स्वागत किया गया। बच्चों ने तालियां बजाकर नाविका और अकादमी की इस उपलब्धि पर खुशी जताई।

मार्शल आर्ट्स कोच जावेद उल्फ़त ने नाविका को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता कड़ी मेहनत, लगन और अनुशासन का परिणाम है। उन्होंने अकादमी में प्रशिक्षण ले रहे अन्य बच्चों को भी प्रेरित करते हुए कहा कि निरंतर अभ्यास और समर्पण से बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं। जावेद उल्फ़त ने यह भी कहा कि खिलाड़ी की प्रगति में परिवार का सहयोग अहम भूमिका निभाता है, और नाविका का परिवार भी इस उपलब्धि पर बधाई का पात्र है।

पेंचक सिलात एसोसिएशन हिमाचल प्रदेश द्वारा अस्मिता खेलो इंडिया महिला लीग का आयोजन 23 नवंबर को पड्डल ग्राउंड हॉल, मंडी में किया गया। यह प्रतियोगिता खेलो इंडिया द्वारा हर वर्ष आयोजित की जाती है। पेंचक सिलात भारत सरकार व हिमाचल सरकार से मान्यता प्राप्त एक लोकप्रिय मार्शल आर्ट्स खेल है।

एसोसिएशन के अध्यक्ष जोगिंदर आजाद की अगुवाई में हिमाचल के खिलाड़ी हर वर्ष राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेकर मेडल जीत रहे हैं और प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। नाविका शर्मा का यह स्वर्ण पदक भी हिमाचल के बढ़ते खेल स्तर का एक और मजबूत प्रमाण है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।