नाहन की बेटी का सात समंदर पार जलवा: जर्मनी के टॉप अस्पताल में सेवाएँ देंगी नेहा सैनी

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : माता पद्मावती नर्सिंग कॉलेज, नाहन की पूर्व छात्रा नेहा सैनी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कॉलेज और प्रदेश का नाम रोशन किया है। नेहा का चयन जर्मनी के एक प्रतिष्ठित मल्टीस्पेशियलिटी अस्पताल में हुआ है, जहाँ वे अब बतौर प्रोफेशनल नर्स अपनी सेवाएँ देंगी। नेहा की इस सफलता ने यह सिद्ध कर दिया है कि यदि मेहनत और सही मार्गदर्शन मिले, तो ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाएँ भी वैश्विक मंच पर अपनी पहचान बना सकती हैं।

कॉलेज प्रबंधन ने जानकारी दी कि वर्ष 2024 में कॉलेज परिसर में जर्मनी प्लेसमेंट हेतु एक विशेष संस्थान (Language & Placement Cell) की शुरुआत की गई थी। इसी केंद्र के माध्यम से नेहा सैनी को उचित प्रशिक्षण और मार्गदर्शन प्राप्त हुआ, जिसके परिणामस्वरूप आज वे विदेश में अपनी सेवाएँ देने के लिए तैयार हैं। नेहा ने जर्मनी पहुँचकर सोशल मीडिया पर अपनी तस्वीरें भी साझा की हैं, जो अन्य छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणा का केंद्र बनी हुई हैं।

इस शानदार उपलब्धि पर कॉलेज के चेयरमैन अनिल जैन, जनरल सेक्रेटरी सचिन जैन और प्राचार्या रिजी गीवरगीज़ ने नेहा को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता नेहा की कठोर मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के समर्पण का प्रतिफल है। नेहा के माता-पिता ने भी अपनी बेटी की उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए इसे उसके संस्कारों और कॉलेज की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का परिणाम बताया।

कॉलेज की प्राचार्या ने कहा कि माता पद्मावती कॉलेज हमेशा से उच्चस्तरीय नर्सिंग शिक्षा और नैतिक मूल्यों के लिए प्रतिबद्ध रहा है। नेहा सैनी शुरू से ही एक मेधावी और अनुशासित छात्रा रही हैं। उनकी यह सफलता कॉलेज के अन्य विद्यार्थियों के लिए एक मार्गदर्शक का काम करेगी। कॉलेज प्रबंधन को विश्वास है कि भविष्य में भी यहाँ की छात्राएं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संस्थान और समाज का नाम रोशन करती रहेंगी।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।