नाहन के युवक की दिल्ली में रहस्यमय परिस्थितियों में मौत, पुलिस जांच में जुटी

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : जिला मुख्यालय नाहन के निवासी और मूल रूप से ग्राम रामा के रहने वाले 40 वर्षीय किशोर रमौल पुत्र स्वर्गीय दित्ता राम का दिल्ली में संदिग्ध परिस्थितियों में निधन हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, उनका निधन बीते माह 20 अगस्त को दिल्ली में हुआ था, जहाँ वे सड़क किनारे मृत अवस्था में पाए गए थे।

घटना के बाद दिल्ली पुलिस ने मृतक के पास से बरामद दस्तावेज़ों और बैंक चेकबुक के आधार पर उनकी पहचान स्थापित की तथा परिजनों एवं स्थानीय पुलिस को सूचित किया। पहचान स्थापित होने तक शव को दिल्ली के शवगृह (कोल्ड स्टोरेज) में सुरक्षित रखा गया था। दिल्ली पुलिस का प्राथमिक रूप से मानना है कि यह मामला सामान्य मृत्यु का लग सकता है, हालांकि मौत के सही और सटीक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।

पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, स्वर्गीय किशोर रमौल पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ चल रहे थे और काफी समय से घर से बाहर रहने के कारण परिवार के संपर्क में नहीं थे। वे अविवाहित थे। उनका परिवार वर्तमान में नाहन स्थित शिमला रोड पर निवास करता है।

दिल्ली में सभी आवश्यक कागजी कार्रवाई और कानूनी प्रक्रियाओं को पूरा करने के बाद परिजन कल उनके पार्थिव शरीर को रामा ले आए। आज उनके मूल गाँव रामा में पूरे रीति-रिवाज के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनके आकस्मिक निधन से नाहन और पूरे रामा गाँव में शोक की लहर है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।