नाहन : राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के पावन अवसर पर वार्ड नंबर 5 में विशेष स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। इस सफाई अभियान की अगुवाई वार्ड की पार्षद सीमा अत्री ने की। महात्मा गांधी के ‘स्वच्छ भारत’ के सपने को साकार करने और जन-जन तक स्वच्छता का संदेश पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
सफाई अभियान की शुरुआत वार्ड के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, गलियों और मुख्य मार्गों पर फैली गंदगी एवं प्लास्टिक कचरे को साफ करने के साथ हुई। पार्षद सीमा अत्री खुद हाथ में झाड़ू थामकर सफाई की शुरुआत की, जिससे प्रेरित होकर वार्ड के बुजुर्गों, युवाओं और महिलाओं ने भी अग्रिम पंक्ति में आकर अपना योगदान दिया। अभियान के दौरान वार्ड में सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के साथ-साथ लोगों को अपने आसपास का वातावरण स्वच्छ रखने के प्रति जागरूक भी किया गया।

इस अवसर पर पार्षद सीमा अत्री ने वार्डवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि महात्मा गांधी के विचार आज भी हमारे जीवन में उतने ही प्रासंगिक हैं जितने पहले थे। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का काम नहीं है, बल्कि इसे हमें अपनी दिनचर्या और आदतों में शामिल करना होगा। अपने घर के साथ-साथ अपने मोहल्ले और वार्ड को साफ रखना प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है।
अभियान के दौरान ललित शर्मा ने वार्ड के निवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि किसी भी सामाजिक बदलाव या स्वच्छता अभियान की सफलता जनभागीदारी पर निर्भर करती है। जिस तरह से वार्ड नंबर 5 के निवासियों ने एकजुट होकर इस अभियान में अपना पूरा सहयोग दिया है, वह बेहद सराहनीय और प्रेरणादायक है। उन्होंने विश्वास जताया कि इसी सहयोग के बल पर वार्ड नंबर 5 को एक आदर्श और स्वच्छ वार्ड बनाया जाएगा।
अभियान के समापन पर सभी उपस्थित लोगों ने अपने आसपास के क्षेत्र को हमेशा साफ-सुथरा रखने, पॉलीथिन का उपयोग न करने और दूसरों को भी स्वच्छता के प्रति प्रेरित करने की शपथ ली। स्थानीय निवासियों ने जनप्रतिनिधियों के इस प्रयास की सराहना की और भविष्य में भी ऐसे जनहित के कार्यों में निरंतर सहयोग देने का आश्वासन दिया।