नाहन को स्वच्छ, सुंदर और गंदगी मुक्त बनाने का संकल्प, नगर परिषद ने वार्ड-5 से छेड़ी विशेष मुहिम

नाहन : शहर को स्वच्छ, सुंदर और गंदगी मुक्त बनाने के उद्देश्य से नगर परिषद ने एक विशेष सफाई अभियान का शंखनाद किया है। नगर परिषद की नवनियुक्त अध्यक्ष उपमा धीमान की अगुवाई में शुरू हुए इस अभियान के तहत शहर की विभिन्न सड़कों के किनारे लंबे समय से जमा मलबे और कूड़े-कचरे के ढेरों को युद्ध स्तर पर हटाने का काम शुरू कर दिया गया है।

नगर परिषद द्वारा चलाए जा रहे इस विशेष स्वच्छता अभियान के पहले चरण की शुरुआत आज शहर के वार्ड नंबर-5 से की गई। सड़कों के किनारे जमा भारी मलबे को हटाने के लिए नगर परिषद द्वारा जेसीबी मशीनों की मदद ली जा रही है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़कों को पूरी तरह साफ-सुथरा बनाना है, ताकि राहगीरों और वाहन चालकों को आने-जाने में किसी भी प्रकार की असुविधा या ट्रैफिक जाम की समस्या का सामना न करना पड़े।

नगर परिषद की नवनियुक्त अध्यक्ष उपमा धीमान ने मामले की जानकारी देते हुए कहा कि शहर के कई मुख्य रास्तों और स्थानों पर कुछ लोगों द्वारा लगातार सड़क किनारे ही कंस्ट्रक्शन का मलबा और घरों का कूड़ा फेंक दिया जाता है। इससे न केवल शहर की सुंदरता बिगड़ रही है और गंदगी फैल रही है, बल्कि सड़कों की चौड़ाई कम होने से यातायात भी बुरी तरह प्रभावित होता है।

उपमा धीमान ने सभी शहरवासियों से नाहन को साफ रखने में नगर परिषद का सहयोग करने की पुरजोर अपील की है। इसके साथ ही उन्होंने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि अब सार्वजनिक स्थानों या सड़क के किनारे अवैध रूप से मलबा या कूड़ा फेंकने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसा करने वाले लापरवाह लोगों के खिलाफ नगर परिषद अब सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाएगी।

इस विशेष सफाई अभियान के दौरान नगर परिषद की अध्यक्ष उपमा धीमान सहित परिषद के तमाम आला अधिकारी और सफाई कर्मचारी भी मौके पर मुस्तैद रहे।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।