नाहन : शहर के ऐतिहासिक छोटा चौक क्षेत्र में आज सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब सुबह लगभग 11 बजे झाड़ियों में अचानक भीषण आग भड़क उठी। आग की लपटें तेजी से फैलती देख आसपास के रहवासियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गनीमत यह रही कि दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर समय रहते आग पर काबू पा लिया, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने की मुख्य वजह कोई आतिशबाजी बताई जा रही है। माना जा रहा है कि किसी द्वारा चलाया गया पटाखा (रॉकेट) सीधा सूखी झाड़ियों में जा गिरा, जिससे तुरंत आग सुलग गई। हवा और सूखी झाड़ियों के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास स्थित रिहायशी मकानों की ओर बढ़ने लगी।

झाड़ियों से धुआं और लपटें उठती देख आसपास मौजूद घरों के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े। स्थानीय निवासियों ने बाल्टियों से पानी और मिट्टी डालकर आग पर काबू पाने का काफी प्रयास किया, लेकिन आग का फैलाव तेज होने के कारण वह बेकाबू होती चली गई।
स्थिति बिगड़ती देख स्थानीय लोगों ने तुरंत अग्निशमन विभाग को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ी और कर्मचारी बिना समय गंवाए तुरंत मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए कड़ी मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह से शांत किया।
दमकल कर्मियों की त्वरित कार्रवाई से पास के मकान सुरक्षित बच गए और किसी भी प्रकार के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि रिहायशी और झाड़ियों वाले इलाकों के पास पटाखे चलाते समय विशेष सावधानी बरतें।