नाहन: ड्रॉप्स ऑफ होप की मुहिम सफल; मेडिकल कॉलेज के लिए ब्लड सेपरेटर को CM की हरी झंडी

नाहन : जिला सिरमौर में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने और गंभीर मरीजों की जान बचाने की दिशा में “ड्रॉप्स ऑफ होप सोसाइटी सिरमौर” ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। सोसाइटी की निरंतर मांग और प्रयासों के बाद मुख्यमंत्री ने डॉ. वाई.एस. परमार मेडिकल कॉलेज, नाहन में 1.5 करोड़ की लागत वाली ब्लड कंपोनेंट सेपरेटर मशीन स्थापित करने को अपनी मंजूरी प्रदान कर दी है।

“ड्रॉप्स ऑफ होप सोसाइटी” पिछले लंबे समय से मेडिकल कॉलेज में इस आधुनिक मशीन की स्थापना के लिए प्रयासरत थी। सोसाइटी के संस्थापक एवं अध्यक्ष ईशान राव ने मुख्यमंत्री को प्रेषित मांग पत्र के माध्यम से अवगत कराया था कि वर्तमान में नाहन मेडिकल कॉलेज में इस मशीन के अभाव में मरीजों को गंभीर दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि प्लेटलेट्स, प्लाज्मा और लाल रक्त कोशिकाओं (RBC) जैसे घटकों के लिए मरीजों को मजबूरन दूसरे जिलों या पड़ोसी राज्यों की ओर रुख करना पड़ता था, जो आपातकालीन स्थिति में जानलेवा साबित होता है।

सोसाइटी का मुख्य तर्क था कि यदि मेडिकल कॉलेज नाहन में यह मशीन स्थापित हो जाती है, तो रक्त की एक यूनिट से विभिन्न आवश्यक कंपोनेंट्स को अलग किया जा सकेगा। इससे एक ही रक्तदाता के रक्त से अधिक से अधिक मरीजों का उपचार संभव होगा, जिससे न केवल बहुमूल्य जीवन बचाए जा सकेंगे, बल्कि जिले के स्वास्थ्य ढांचे को भी मजबूती मिलेगी।

आजा नाहन मेडिकल कॉलेज में जब इस विषय को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा गया, तो उन्होंने सोसाइटी की इस जनहितैषी मांग को गंभीरता से लिया। इस दौरान डॉ. निशि ने भी मेडिकल कॉलेज की इस आवश्यकता पर बल दिया, जिसके बाद मुख्यमंत्री ने मौके पर ही इस 1.5 करोड़ के प्रोजेक्ट के लिए अपनी सहमति दे दी।

रक्तदान को बढ़ावा देने के लिए सक्रिय “ड्रॉप्स ऑफ होप सोसाइटी” के प्रयासों की सफलता से अब सिरमौर के मरीजों को प्लेटलेट्स या प्लाज्मा के लिए बाहरी चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। सोसाइटी ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए विश्वास जताया है कि इस सुविधा से जिला सिरमौर के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक नया अध्याय जुड़ेगा।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।