नाहन नगर परिषद चुनाव: 28 मार्च को खुलेगा किस्मत का पिटारा, लॉटरी तय करेगी वार्डों का आरक्षण!

नाहन : हिमाचल प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग की अधिसूचना के बाद नाहन नगर परिषद के चुनावी दंगल की बिसात बिछनी शुरू हो गई है । निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी एवं एसडीएम नाहन राजीव सांख्यन ने नगर परिषद के 13 वार्डों के आरक्षण निर्धारण के लिए आधिकारिक आदेश जारी कर दिए हैं । इस प्रक्रिया के तहत आगामी 28 मार्च को दोपहर 12:30 बजे नगर परिषद के टाउन हॉल में लॉट (पर्ची) के माध्यम से वार्डों का भविष्य तय किया जाएगा ।

राज्य निर्वाचन आयोग की अधिसूचना के अनुसार, नाहन नगर परिषद के कुल 13 वार्डों में से 6 वार्ड महिलाओं के लिए सुरक्षित किए जाने हैं । इसमें से एक वार्ड अनुसूचित जाति (SC) की महिला के लिए आरक्षित होगा, जबकि शेष अन्य श्रेणियों में से 5 वार्ड महिलाओं हेतु आरक्षित किए जाएंगे । एसडीएम राजीव सांख्यन ने बताया कि इस प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न किया जाएगा ।

नगर परिषद नाहन

वार्डों के आरक्षण की इस प्रक्रिया ने शहर के राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज कर दी है। विशेष रूप से कांग्रेस और भाजपा के उन वर्तमान पार्षदों और भावी उम्मीदवारों की धड़कनें बढ़ गई हैं, जो पिछले काफी समय से अपने-अपने वार्डों में जमीन तैयार कर रहे थे। आरक्षण के कारण यदि कोई वार्ड महिला श्रेणी में चला जाता है, तो कई दिग्गजों के चुनाव लड़ने पर ‘ब्रेक’ लग सकती है।

गौरतलब है कि कुछ समय पहले भी जब लॉटरी के माध्यम से वार्डों का आरक्षण हुआ था, तब कई स्थापित पार्षदों के चुनावी समीकरण पूरी तरह गड़बड़ा गए थे। अब एक बार फिर वही स्थिति सामने है। शहर के लोग और राजनीतिक विश्लेषक अब 28 मार्च का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, क्योंकि उसी दिन यह स्पष्ट होगा कि कौन से वार्ड से किस नेता का पत्ता साफ होगा और किसे महिला आरक्षण के इस दौर में चुनावी मैदान में उतरने की राहत मिलेगी।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।