नाहन: पालतू कुत्ते के काटने पर मालकिन की केयर-टेकर के खिलाफ मामला दर्ज

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : शहर के पक्का टैंक क्षेत्र में पालतू कुत्ते द्वारा एक महिला को काटने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस संदर्भ में पशु के रखरखाव में लापरवाही बरतने के आरोप में मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई शिकायत में नीलम (पत्नी श्री राजकुमार), निवासी मकान संख्या 224/9, कच्चा टैंक (हाल निवासी सुंदर बाग कॉलोनी, नाहन) ने बताया कि बीते कल, 15 फरवरी 2026 को शाम करीब 5:00 बजे वह अपने पति के साथ शिव मंदिर में माथा टेकने जा रही थीं।

जब वे मुख्य गली में पहुँचे, तो वहां डॉ. मनीषा की केयर-टेकर सपना तीन कुत्तों को घुमाने के लिए लेकर आई थी। इसी दौरान, उनके साथ मौजूद एक सफेद रंग के कुत्ते ने अचानक नीलम पर हमला कर उन्हें काट लिया।

पीड़ित महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस थाना नाहन में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 291 के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह सुनिश्चित करने का प्रयास कर रही है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

इस घटना के मद्देनजर नाहन पुलिस ने आम जन के लिए एक महत्वपूर्ण परामर्श जारी किया है। पुलिस का कहना है कि सभी कुत्ता पालक अपने पालतू जानवरों को हमेशा एक उचित सुरक्षा घेरे, मजबूत पट्टे और पूर्ण नियंत्रण में रखें, ताकि वे किसी भी व्यक्ति को किसी प्रकार का नुकसान या चोट न पहुँचा सकें। सार्वजनिक स्थानों पर बिना उचित सुरक्षा प्रबंधों के पालतू जानवरों को घुमाना न केवल लापरवाही है, बल्कि कानून की नज़र में एक दंडनीय अपराध भी है। यह हर कुत्ता पालक की अनिवार्य कानूनी जिम्मेदारी है कि उनके जानवर के कारण किसी राहगीर, पड़ोसी या अन्य नागरिक को कोई शारीरिक हानि न पहुँचे। सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध प्रशासन कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाएगा।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।