नाहन पुलिस ‘एक्शन मोड’ में: पैलेस के पास हटाई अवैध पार्किंग, बाजार में दी सख्त चेतावनी

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : शहर के नया बाजार में कल स्कूली बच्चों की परीक्षा के समय लगे भारी जाम और समाजसेवी ईशान राव की अपील के बाद, आज नाहन ट्रैफिक पुलिस पूरी तरह से ‘एक्शन मोड’ में नजर आई। पुलिस ने आज शहर के विभिन्न हिस्सों में अवैध पार्किंग के खिलाफ विशेष अभियान चलाया और वाहन चालकों को नियमों का पाठ पढ़ाया।

आज ट्रैफिक पुलिस ने नाहन पैलेस (Nahan Palace) के सामने लोडिंग और अनलोडिंग के नाम पर सड़क घेरे खड़े वाहनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने यहाँ से अवैध रूप से पार्क किए गए वाहनों को हटवाया, जिससे यातायात सुचारु हो सका। अक्सर इन भारी वाहनों के कारण संकरी सड़कों पर आवाजाही प्रभावित होती है, जिसे देखते हुए पुलिस ने आज मौके पर ही व्यवस्था सुधारी।

पुलिस ने सख्त हिदायत दी है कि बाज़ारों में भीड़भाड़ वाले समय और दिन के दौरान वाहन लाने पर पूर्णतः रोक है, ताकि व्यापारिक गतिविधियों और आम जनता की आवाजाही में कोई बाधा न आए। पुलिस ने आज नरमी दिखाते हुए कई वाहन चालकों को अंतिम चेतावनी देकर छोड़ दिया, लेकिन साथ ही यह स्पष्ट कर दिया कि अगली बार नियम तोड़ने पर सीधे चालान किया जाएगा या क्रेन (Towing Van) द्वारा वाहन को ज़ब्त कर लिया जाएगा।

ट्रैफिक पुलिस ने शहर के मुख्य स्थानों पर चेतावनी भरे पोस्टर भी चस्पा किए हैं, जिन पर साफ़ लिखा है— “गलत जगह गाड़ी खड़ी, हो सकती है दुर्घटना बड़ी।” पुलिस ने जनता से अपील की है कि वे अपनी और दूसरों की सुरक्षा के लिए निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें। समाजसेवी ईशान राव द्वारा उठाई गई माँगों के बाद अब पुलिस संकरे रास्तों और बैंक परिसरों के बाहर अवैध पार्किंग को लेकर और भी सतर्क हो गई है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।