नाहन : बस स्टैंड से गुम हुआ एक महिला का मोबाइल फोन लगभग चार महीने बाद सदर पुलिस थाना नाहन की लगातार ऑनलाइन मॉनिटरिंग और तकनीकी मदद से सोलन से बरामद कर लिया गया है। सोलन में लोकेशन ट्रेस होने के बाद पुलिस टीम ने इसे रिकवर किया और आज सदर थाना नाहन में पीड़िता को सुरक्षित सौंप दिया।
पांवटा साहिब तहसील के गाँव क्यारदा निवासी मीरा देवी (पत्नी शाहिद चौहान) 8 अप्रैल को किसी काम से नाहन बस स्टैंड आई थीं। इसी दौरान बस स्टैंड परिसर में उनका मोबाइल फोन कहीं गुम हो गया। काफी खोजबीन के बाद जब फोन नहीं मिला, तो उन्होंने तुरंत पुलिस चौकी कच्चा टैंक नाहन में संपर्क किया।

शिकायत पर तुरंत कार्रवाई करते हुए कच्चा टैंक पुलिस चौकी प्रभारी ASI अनिल कुमार के नेतृत्व में 8 अप्रैल को मामला दर्ज कर लिया गया । इसके बाद सदर थाना पुलिस नाहन की टीम ने मामले की बागडोर संभाली और पीड़िता द्वारा दिए गए IMEI नंबर व सिम नंबर को जिला साइबर सैल की मदद से सर्विलांस पर लगाया। सदर थाना पुलिस की टीम पिछले 4 महीनों से लगातार इस IMEI नंबर पर ऑनलाइन नज़र बनाए हुए थी।
लंबी निगरानी के बाद आखिरकार हाल ही में मोबाइल की एक्टिव लोकेशन सोलन क्षेत्र में ट्रेस हुई। लोकेशन मिलते ही सदर पुलिस नाहन की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सोलन से फोन को रिकवर किया। सभी कागज़ी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आज (4 अगस्त) को यह फोन नाहन में पीड़िता को हैंडओवर कर दिया गया।
4 महीने बाद अपना गुम हुआ फोन वापस पाकर पीड़िता मीरा देवी बेहद खुश नज़र आईं। उन्होंने सदर पुलिस थाना नाहन, कच्चा टैंक चौकी और साइबर सैल की इस अटूट प्रतिबद्धता और कार्यप्रणाली का दिल से धन्यवाद किया।