नाहन: बरसों का इंतज़ार खत्म! कौंलावाला भूड़ पंचायत की सड़क के लिए मिली वन विभाग की स्वीकृति

नाहन: नाहन विधानसभा क्षेत्र की कौंलावाला भूड़ पंचायत के अंतर्गत गुलरिया धांग से नैरो कोटड़ी (0/0 से 4/935 कि.मी.) लिंक रोड के निर्माण के लिए 2.355 हेक्टेयर वन भूमि की FCA वन विभाग की स्वीकृति प्राप्त हो गई है। इस स्वीकृति के साथ ही क्षेत्र के ग्रामीणों की वर्षों पुरानी सड़क की मांग पूरी होने का रास्ता साफ हो गया है।

विधायक अजय सोलंकी ने जानकारी देते हुए बताया कि वन विभाग मिलने के बाद अब विभाग को जल्द से जल्द टेंडर प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण कार्य शीघ्र शुरू किया जाएगा ताकि कौंलावाला भूड़ पंचायत के लोगों को आवागमन में हो रही असुविधा से निजात मिल सके और क्षेत्र के आर्थिक व सामाजिक विकास को बल मिले।

विधायक ने इस महत्वपूर्ण कार्य के लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का विशेष आभार व्यक्त किया। सोलंकी ने कहा कि मुख्यमंत्री के कार्यकाल में नाहन विधानसभा क्षेत्र को ऐतिहासिक स्तर पर वन विभाग प्राप्त हुई हैं। उन्होंने बताया कि पिछली कई अटकी हुई सड़क परियोजनाओं को अब क्लीयरेंस मिल रही है, जिससे विकास कार्यों में तेजी आई है।

अजय सोलंकी ने दोहराया कि नाहन विधानसभा क्षेत्र का समग्र विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की हर जायज़ मांग को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए वे निरंतर प्रयासरत हैं और भविष्य में भी जनता की सुविधाओं के लिए बड़े प्रोजेक्ट्स पर काम जारी रहेगा।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।