नाहन: बर्मा पापड़ी में फंसे दोनों लोग सुरक्षित बाहर निकले; एक एयरलिफ्ट तो दूसरे को NDRF ने निकाला

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : जिला सिरमौर के बर्मा पापड़ी क्षेत्र में रून नदी के विकराल उफान में फंसे दोनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। प्रशासन, वायुसेना और राहत दलों के साझा और साहसी प्रयासों से यह बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन सफलतापूर्वक संपन्न हो गया है। नदी के बीच टापू पर फंसे दो लोगों में से एक को जहां हेलिकॉप्टर के जरिए एयरलिफ्ट किया गया, वहीं दूसरे व्यक्ति को NDRF, पैरा और होमगार्ड की टीमों ने धरातल पर कड़ा संघर्ष कर सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।

उल्लेखनीय है कि बर्मा पापड़ी निवासी बनारसी अपनी भैंसों को निकालने नदी की ओर गया था, लेकिन ऊपरी इलाकों में भारी बारिश से रून नदी में अचानक आए उफान के कारण वह बीच नदी में फंस गया। उसे बचाने के लिए IPH (सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग) कर्मचारी अंशुल ने अपनी जान जोखिम में डालकर उफनती नदी के बीच छलांग लगाई और बनारसी को थोड़ा ऊपर स्थित सुरक्षित टापू तक पहुंचाया। पानी का स्तर लगातार बढ़ने से दोनों करीब 3 घंटे से अधिक समय तक जिंदगी और मौत के बीच झूलते रहे और पानी उनकी कमर तक पहुंच गया था।

स्थलीय परिस्थितियों के बेहद चुनौतीपूर्ण होने के कारण जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से रेस्क्यू के लिए हेलिकॉप्टर भेजने का अनुरोध किया था। मौके पर पहुंचे हेलिकॉप्टर ने सबसे पहले एक व्यक्ति को सफलतापूर्वक एयरलिफ्ट कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।

इसके तुरंत बाद, उफनती नदी की चुनौतियों के बावजूद मौके पर तैनात NDRF, पैरा और होमगार्ड की संयुक्त टीमों ने अपने अदम्य साहस का परिचय देते हुए दूसरे व्यक्ति को भी नदी के तेज बहाव के बीच से सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

इस पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान उपायुक्त (DC) सिरमौर प्रियंका वर्मा और एसडीएम (SDM) खुद अधिकारियों व राहत टीमों के साथ मौके पर डटे रहे। वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल भी घटनास्थल पर मौजूद रहे।

डॉ. बिंदल ने त्वरित राहत कार्य और तुरंत हेलिकॉप्टर उपलब्ध करवाने के लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार जताया। दोनों लोगों के सकुशल बाहर निकलने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों, राहत दलों और मौके पर मौजूद सैकड़ों ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।