नाहन: बारिश और खराब मौसम भी नहीं रोक पाया बेरोजगारों का सैलाब, पहुंचे सैकड़ों युवा

नाहन : हिमाचल प्रदेश में बेरोजगारी का आलम यह है कि खराब मौसम और मूसलाधार बारिश भी युवाओं के हौसलों को नहीं डिगा सकी। आज जिला मुख्यालय नाहन में उस वक्त रोजगार की एक बेबस तस्वीर देखने को मिली, जब जनगणना कार्य के लिए हो रहे टेक्निकल असिस्टेंट के पदों के लिए सैकड़ों उम्मीदवार भीगते हुए इंटरव्यू देने पहुंचे। खराब मौसम के बावजूद महज 22 पदों के लिए उमड़ी यह भीड़ प्रदेश में रोजगार के संकट को साफ बयां कर रही थी।

सुबह से ही नाहन में मौसम खराब था और रुक-रुक कर बारिश हो रही थी, लेकिन इसके बावजूद नाहन के सर्किट हाउस में पैर रखने तक की जगह नहीं थी। सिरमौर के दूर-दराज क्षेत्रों से आए अभ्यर्थी बारिश में भीगते हुए अपनी फाइलें सहेजकर लंबी कतारों में खड़े रहे। युवाओं का कहना था कि रोजगार की ज़रूरत इतनी ज्यादा है कि मौसम की मार भी छोटी नजर आ रही है।

यह भर्ती सिक्योर गार्ड सर्विसेज के माध्यम से आउटसोर्स आधार पर की जा रही है। जिला सिरमौर के लिए कुल 22 पद आवंटित किए गए हैं, जिसमें 21 पद टेक्निकल असिस्टेंट (वेतन ₹25,000) और एक पद मल्टी टास्क स्टाफ (वेतन ₹18,000) का शामिल है। कंपनी के मुख्य प्रबंधक योगराज ने बताया कि ये नियुक्तियां जनगणना के मद्देनजर केवल 18 महीने के लिए अस्थाई तौर पर की जा रही हैं।

इंटरव्यू के लिए पहुंचे अभ्यर्थियों में बड़ी संख्या उन युवाओं की थी जो स्नातक होने के साथ-साथ कंप्यूटर में डिप्लोमा धारक हैं। मात्र डेढ़ साल की अस्थाई नौकरी के लिए इतनी भारी संख्या में शिक्षित युवाओं का पहुंचना प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों के लिए एक बड़ा संकेत है।

कम्पनी के जीएम योगराज ने बताया कि खराब मौसम के बावजूद साक्षत्कार प्रक्रिया सुचारू रूप से चली और सैकड़ों युवाओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।