नाहन बीडीसी गठन: रमेश चौधरी बने अध्यक्ष, माया देवी को मिली उपाध्यक्ष की कमान

नाहन : नाहन खंड विकास समिति (बीडीसी) के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए आयोजित चुनाव में सर्वसम्मति से भाजपा समर्थित उम्मीदवारों रमेश चौधरी को अध्यक्ष तथा माया देवी को उपाध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया।

बीडीओ कार्यालय नाहन में एसडीएम राजीव संख्यान की अध्यक्षता में आयोजित निर्वाचन बैठक में भाजपा समर्थित 11 सदस्यों ने भाग लिया। वहीं कांग्रेस का कोई भी सदस्य चुनाव प्रक्रिया में शामिल होने के लिए नहीं पहुंचा। इसके चलते अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए भाजपा समर्थित उम्मीदवारों का निर्वाचन सर्वसम्मति से संपन्न हुआ।

चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद एसडीएम राजीव संख्यान ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष रमेश चौधरी और उपाध्यक्ष माया देवी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों और समर्थकों ने दोनों निर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी।

इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने नाहन खंड विकास समिति के गठन पर क्षेत्रवासियों और भाजपा कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों और निर्णयों से परेशान है। उन्होंने दावा किया कि नगर निकायों से लेकर पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों में जनता कांग्रेस के खिलाफ अपना जनमत दे रही है।

डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रदेश में भाजपा के प्रति लोगों का विश्वास लगातार बढ़ रहा है और आने वाले समय में इसका प्रभाव प्रदेश की राजनीति में भी दिखाई देगा। उन्होंने नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष से क्षेत्र के विकास और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देने का आग्रह किया।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष रमेश चौधरी और उपाध्यक्ष माया देवी ने उन्हें मिली जिम्मेदारी के लिए सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए क्षेत्र के विकास के लिए मिलकर कार्य करने का भरोसा दिलाया।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।