नाहन: बोर्ड परीक्षाओं के बीच JNV की बिजली 3 दिन से गुल, स्मार्ट मीटर के पेंच में फंसा भविष्य

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : जिला मुख्यालय नाहन के समीप स्थित प्रतिष्ठित ‘पी.एम. श्री स्कूल’ जवाहर नवोदय विद्यालय में बिजली आपूर्ति को लेकर एक अजीबोगरीब स्थिति उत्पन्न हो गई है। बोर्ड परीक्षाओं के महत्वपूर्ण समय में बिना किसी मानवीय सूचना के विद्यालय के छात्रावासों (Hostels) की बिजली कट गई, जिससे करीब 600 से अधिक विद्यार्थियों का पठन-पाठन प्रभावित हुआ है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार (21 फरवरी) दोपहर को अचानक विद्यालय की लाइन कट गई। इस कार्रवाई से न केवल नाहन विद्यालय के 560 छात्र-छात्राएं, 100 स्टाफ सदस्य (सपरिवार) , बल्कि लाहौल-स्पीति से यहाँ आए बोर्ड परीक्षाओं के 65 विद्यार्थी और 15 स्टाफ सदस्य भी मुश्किल में पड़ गए हैं। विद्यालय प्रशासन का कहना है कि वे नियमित रूप से बिलों का भुगतान करते रहे हैं, लेकिन अचानक हुई इस कटौती से आवासीय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया और रात के समय छात्रों को भारी असुविधा हुई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्राचार्य डॉ. जे.पी. बलोदी ने जिला प्रशासन और बिजली बोर्ड के उच्चाधिकारियों से संपर्क किया। हस्तक्षेप के बाद फिलहाल एक सदन (House) की बिजली बहाल की गई है, जबकि अन्य छात्रावासों में व्यवस्था सुचारू करने के प्रयास जारी हैं। प्राचार्य ने उच्चाधिकारियों से अनुरोध किया कि भविष्य में किसी भी अनिवार्य कटौती या तकनीकी कार्य हेतु विद्यालय प्रशासन को लिखित रूप में पूर्व सूचना दी जाए ताकि वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।

इस पूरे मामले पर बिजली विभाग के एसडीओ (SDO) सुरेश पाल ने स्पष्ट किया कि यह किसी कर्मचारी की कार्रवाई नहीं बल्कि तकनीकी प्रक्रिया है। उन्होंने बताया कि विद्यालय परिसर में स्मार्ट मीटर लगे होने के कारण बिल लंबित होने की स्थिति में कंप्यूटर सिस्टम ने स्वतः (Automatically) बिजली आपूर्ति बाधित कर दी।

एसडीओ ने आश्वासन दिया कि जैसे ही बकाया बिल पोर्टल पर जमा होगा, उसके मात्र 30 मिनट के भीतर सिस्टम बिजली को खुद-ब-खुद बहाल कर देगा। उन्होंने यह भी कहा कि इस संवेदनशील मामले को विभाग के उच्च अधिकारियों के समक्ष भी प्रमुखता से रखा गया है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।