नाहन: भगवान जगन्नाथ मंदिर की संपत्तियों पर अतिक्रमण का मामला पहुँचा DC के दरबार

नाहन : हिमाचल प्रदेश के ऐतिहासिक शहर नाहन में स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर की संपत्तियों और भूमि पर हो रहे अवैध कब्जों का मामला अब गरमाने लगा है। मंदिर की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने और इसके विकास की मांग को लेकर आज स्थानीय निवासियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त (DC) सिरमौर को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन के समक्ष मंदिर की गिरती आर्थिक स्थिति और अतिक्रमण पर गहरी चिंता व्यक्त की। पूर्व पार्षद विक्रम वर्मा ने जोर देते हुए कहा कि भगवान जगन्नाथ मंदिर की बेशकीमती जमीनों पर लगातार हो रहे नाजायज कब्जों को तुरंत चिन्हित कर उन्हें अतिक्रमण मुक्त कराया जाना चाहिए। उन्होंने तर्क दिया कि ओडिशा के जगन्नाथ पुरी के बाद नाहन का यह जगन्नाथ धाम प्रदेश के लाखों भक्तों की अटूट आस्था का केंद्र है, ऐसे में इस पवित्र धाम का आधुनिक और भव्य विकास समय की मांग है। विशेष रूप से धाम के प्रवेश द्वार को और अधिक सुव्यवस्थित और आकर्षक बनाए जाने की आवश्यकता है ताकि यहां आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

इसके साथ ही, मंदिर की आय बढ़ाने के लिए एक महत्वपूर्ण सुझाव देते हुए मांग की गई कि मंदिर के स्वामित्व वाली दुकानों के किराए का तुरंत पुनर्निर्धारण (Rent Revision) किया जाए। वर्तमान में इन दुकानों से दशकों पुराना और नाममात्र का किराया वसूला जा रहा है, जो आज की बाजार दर के मुकाबले बेहद कम है। यदि इस किराए को वर्तमान दरों के अनुसार संशोधित किया जाता है, तो मंदिर की आय में उल्लेखनीय वृद्धि होगी, जिसका सीधा उपयोग मंदिर परिसर के रख-रखाव, जीर्णोद्धार और लोकहित के कार्यों में किया जा सकेगा।

विक्रम वर्मा ने कहा कि नाहन के जगन्नाथ मंदिर का इतिहास सदियों पुराना है। यह न केवल एक धार्मिक स्थल है, बल्कि शहर की सांस्कृतिक धरोहर भी है। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि मंदिर की भूमि का सदुपयोग लोकहित और धार्मिक कार्यों के लिए सुनिश्चित किया जाए ताकि इस ऐतिहासिक धरोहर की गरिमा बनी रहे।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।