नाहन: भैंसें निकालते-निकालते बर्मा पापड़ी में नदी में फंसा ग्रामीण, कमर तक पहुंचा पानी; CM से मांगा गया हेलिकॉप्टर!

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : जिला सिरमौर और आसपास के इलाकों में जारी मूसलाधार बारिश के चलते नदियां और खड्डें विकराल रूप धारण कर चुकी हैं। इस भारी बारिश के बीच नाहन के बर्मा पापड़ी क्षेत्र से एक बेहद डराने वाली और संवेदनशील खबर सामने आई है।

यहाँ रूण नदी में आए अचानक उफान के कारण स्थानीय ग्रामीण बनारसी (निवासी बर्मा पापड़ी) तेज बहाव के बीच फंस गया है। पानी का स्तर इतनी तेजी से बढ़ा कि उसे संभलने का मौका तक नहीं मिला और वह किनारे पर लौटने के बजाय बीच नदी में बने एक छोटे से टापू पर फंस कर रह गया। व्यक्ति पिछले 3 घंटे से जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है और हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। नदी का पानी अब उसकी कमर तक पहुंच चुका है। लगातार बढ़ते जलस्तर के कारण उसकी जान पर भारी खतरा बना हुआ है, जिससे मौके पर मौजूद लोगों की सांसें अटकी हुई हैं।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस बल और फायर ब्रिगेड की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। हालांकि, नदी के विकराल रूप और तेज बहाव के कारण किनारे से रस्सी या सामान्य साधनों द्वारा रेस्क्यू करना बेहद जोखिम भरा साबित हो रहा है।

प्रशासनिक अधिकारियों का मानना है कि पानी का वेग इतना ज्यादा है कि बिना हवाई सहायता के ग्रामीण तक पहुंच पाना लगभग असंभव है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्यमंत्री कार्यालय को चॉपर (हेलिकॉप्टर) की मांग भेजी है, ताकि फंसे हुए ग्रामीण को जल्द से जल्द सुरक्षित एयरलिफ्ट किया जा सके।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।