नाहन महाविद्यालय में पोस्टर मेकिंग में आर्यन और स्लोगन राइटिंग में मारी बाजी

नाहन : डॉ. वाई. एस. परमार राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नाहन में महिला विकास प्रकोष्ठ द्वारा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में पोस्टर मेकिंग एवं नारा लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में महिला सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उनकी रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करना था।

पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का विषय “महिलाएं घर और दुनिया की निर्मात्री” रखा गया, जिसमें विद्यार्थियों ने अपने पोस्टरों के माध्यम से समाज और परिवार के निर्माण में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया।

स्लोगन लेखन प्रतियोगिता का विषय “सशक्त महिला, सशक्त समाज” रखा गया। प्रतिभागियों ने अपने प्रभावशाली और प्रेरणादायक स्लोगनों के माध्यम से यह संदेश दिया कि महिलाओं का सशक्तिकरण समाज और राष्ट्र की प्रगति के लिए अत्यंत आवश्यक है। इन प्रतियोगिताओं के निर्णायक के रूप में प्रो. रीना चौहान तथा डॉ. वीना तोमर उपस्थित रहीं।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विभव कुमार शुक्ला ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की तथा उन्हें इस प्रकार की रचनात्मक एवं जागरूकता से जुड़ी गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने समाज और राष्ट्र के निर्माण में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका को भी रेखांकित किया।कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विभव कुमार शुक्ला द्वारा परिणाम घोषित किए गए। नारा लेखन प्रतियोगिता में काशिश (.बी.एससी प्रथम वर्ष) ने प्रथम स्थान, दीक्षा(बी.ए. प्रथम वर्ष) ने द्वितीय स्थान तथा ध्रुव पंडित (बी.कॉम. प्रथम वर्ष) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में आर्यन शर्मा (बी.ए. प्रथम वर्ष) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि अंजलि (बी.ए. प्रथम वर्ष) और ध्रुव पंडित (बी.कॉम. प्रथम वर्ष) ने संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान प्राप्त किया। श्वेता शर्मा (बी.ए. तृतीय वर्ष) और पल्वी तोमर (बी.ए. द्वितीय वर्ष) ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया।

इस अवसर पर वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. देव राज शर्मा, महिला विकास प्रकोष्ठ की संयोजक प्रो. धनमंती कंडासी तथा प्रकोष्ठ के सदस्य प्रो. दीपा चौहान, प्रो. नवदीप शाह, प्रो. दीपिका, प्रो. दिव्या और प्रो. रीना भी उपस्थित रहे।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।