नाहन : मासी के घर रहकर पढ़ रही नाबालिग से दरिंदगी, आरोपी मौसा को अदालत ने भेजा जेल

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर के मुख्यालय नाहन में एक नाबालिग लड़की के साथ उसके ही मौसा द्वारा दुष्कर्म किए जाने के सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपी मौसा को आज अदालत ने न्यायिक हिरासत (जेल) में भेजने के आदेश जारी कर दिए हैं।

गौरतलब है कि बीते दिनों नाहन पुलिस थाना में एक नाबालिग लड़की ने अपने सगे मौसा के खिलाफ दुष्कर्म के गंभीर आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया था कि वह मूल रूप से अन्य क्षेत्र की रहने वाली है, लेकिन नाहन में अपनी मासी के घर रहकर अपनी पढ़ाई पूरी कर रही थी। पीड़िता का आरोप है कि उसकी मासी की अनुपस्थिति में या अन्य मौकों पर आरोपी मौसा ने कथित तौर पर दरिंदगी की हदें पार करते हुए उसके साथ दुष्कर्म किया।

पीड़िता ने हिम्मत दिखाते हुए इस भयानक घटना की जानकारी पुलिस को दी। नाबालिग की शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई अमल में लाई। पुलिस थाना नाहन में आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं (पॉक्सो एक्ट और दुष्कर्म की अन्य धाराएं) के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके तुरंत बाद पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तारी के बाद पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की थी। प्रारंभिक पूछताछ और जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद कल आरोपी को नाहन की सक्षम अदालत में पेश किया गया। अदालत ने पुलिस की दलीलों और मामले की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए आरोपी को न्यायिक हिरासत (जेल) में भेजने के आदेश जारी कर दिए।

एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने पुष्टि की है कि आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की हर पहलू से गहनता से जांच कर रही है और कानून के अनुसार आगे की कार्यवाही जारी है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।