नाहन में जादू! कल बिछाई टारिंग, आज हाथों से उखड़ गई; 24 घंटे भी नहीं टिक पाई ‘VIP’ सड़क

नाहन : जिला मुख्यालय नाहन में सरकारी पैसे की बंदरबांट और लोक निर्माण विभाग (PWD) की लापरवाही का एक और शर्मनाक नमूना सामने आया है। शहर की जिस महत्वपूर्ण ‘कोर्ट रोड’ पर कल ही टारिंग (look) का काम शुरू होने पर ढोल पीटा गया था, उसकी पोल आज पहले ही दिन खुल गई है।

कल ही ‘Hills Post’ ने खबर प्रमुखता से प्रकाशित की थी कि इस सड़क की मरम्मत होने से शहरवासियों को राहत मिलेगी। हैरानी की बात है कि यह राहत 24 घंटे भी नहीं टिक पाई। आज सोशल मीडिया पर इस सड़क के घटिया निर्माण के वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिन्हें देखकर PWD विभाग और संबंधित ठेकेदार की नीयत पर गंभीर सवाल उठ खड़े हुए हैं।

वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि नई बिछाई गई तारकोल (Look) की गुणवत्ता इतनी खराब है कि लोग उसे अपने हाथों से, बिना किसी औजार के, आसानी से उखाड़ रहे हैं। टारिंग के नाम पर केवल मिट्टी और कंक्रीट का घोल बिछा दिया गया है। घटिया निर्माण सामग्री के कारण सड़क अब बजरी के ढेर में तब्दील हो रही है।

यह वह सड़क है जहाँ से जिले के तमाम आला अधिकारी, माननीय न्यायाधीश और PWD के बड़े अधिकारी रोज गुजरते हैं। डीसी ऑफिस के बिल्कुल बाहर हुए इस घटिया निर्माण ने यह साबित कर दिया है कि विभाग को न तो सरकारी पैसे की परवाह है और न ही जनता की सुविधा की।

इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए XEN आलोक जुनेजा ने बताया कि वह वर्तमान में शहर से बाहर हैं। उन्होंने मामले पर स्पष्टीकरण देते हुए कहा कि टारिंग केवल डीसी ऑफिस के समीप स्थित रेन शेल्टर के सामने वाले हिस्से से उखड़ी है। उन्होंने तर्क दिया कि उस विशेष स्थान पर पहले पक्की सड़क नहीं थी, लेकिन स्थानीय लोगों के विशेष आग्रह पर वहां तारकोल डाला गया था।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।