नाहन : जिला मुख्यालय नाहन में पिछले कुछ दिनों से बिजली की अघोषित कटौती और ट्रिपिंग की समस्या से आम जनता बेहद परेशान है। शहर में भले ही लंबे-लंबे बिजली कट न लग रहे हों, लेकिन 2 से 4 मिनट के रुक-रुक कर लगने वाले अघोषित कटों ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। स्थिति यह है कि दिनभर में लगभग 6 से 8 बार बिजली की ट्रिपिंग हो रही है। इसके साथ ही शहर के कई मोहल्लों में लो-वोल्टेज और बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों की समस्या ने स्थानीय निवासियों की दिक्कतें और बढ़ा दी हैं।
दिनभर में बार-बार 2 से 4 मिनट के लिए बिजली चले जाने से सबसे ज्यादा नुकसान घरेलू और व्यापारिक इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को पहुंच रहा है। रेफ्रिजरेटर, कंप्यूटर, टीवी और एयर कंडीशनर जैसे उपकरण बार-बार बंद और चालू होने के कारण खराब होने की कगार पर पहुंच गए हैं। स्थानीय दुकानदारों और कारोबारियों का कहना है कि बार-बार कट लगने से उनका कामकाज बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।

अघोषित ट्रिपिंग के अलावा नाहन के कई इलाकों से लो-वोल्टेज की शिकायतें भी सामने आ रही हैं। शाम होते ही वोल्टेज इतना कम हो जाता है कि पंखे और अन्य उपकरण ठीक से काम नहीं कर पाते। वहीं, शहर के विभिन्न वार्डों और मुख्य मार्गों पर लगी स्ट्रीट लाइटें बंद रहने से रात ढलते ही कई गलियां अंधेरे में डूब जाती हैं, जिससे हादसों और सुरक्षा का अंदेशा बना रहता है।
मामले को लेकर बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता वीरेंद्र शर्मा ने भी माना कि शहर में ट्रिपिंग और कटों की समस्या आ रही है। उन्होंने बताया कि नाहन में बंदरों की उछल-कूद और हाल ही में हुई बारिश के कारण तकनीकी खराबी और फॉल्ट आ रहे हैं, जिसकी वजह से बार-बार ट्रिपिंग हो रही है।
SE ने शहरवासियों को आश्वासन देते हुए कहा कि विभाग की टीम लगातार फील्ड में काम कर रही है और जल्द से जल्द इस समस्या का स्थायी समाधान कर दिया जाएगा, ताकि जनता को सुचारू बिजली आपूर्ति मिल सके।