नाहन में नन्हे हाथों ने उठाया सफाई का जिम्मा: विला राउंड में चलाया स्वच्छता अभियान

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : शहर के विकास और स्वच्छता में अपना योगदान देने के लिए छोटी बच्चियों ने एक अनूठी मिसाल पेश की है। शहर की 9-10 साल की बच्चियों ने न केवल सामाजिक सरोकार के लिए ‘पैंथर्स क्लब’ का गठन किया है, बल्कि रविवार को विला राउंड क्षेत्र में अपना पहला सफाई अभियान चलाकर बड़ों को भी जागरूक होने का संदेश दिया।

पैंथर्स क्लब की सदस्य देवांशी, अलीज़ा, अलीना और अलीशा ने मिलकर विला राउंड में सड़क के किनारे बिखरे कचरे को साफ किया। इन बच्चियों ने वहां पड़े प्लास्टिक की थैलियां, कांच और प्लास्टिक की बोतलें, खाली गिलास, शराब की बोतलें और खाने-पीने की चीजों के रैपर्स एकत्रित किए और उन्हें व्यवस्थित तरीके से कूड़ेदान में डाला।

इन नन्ही बच्चियों का कहना है कि उन्होंने अपने शहर के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए इस ग्रुप को बनाया है। क्लब के गठन के साथ ही शहर के 10 अन्य बच्चों ने भी इसमें शामिल होने की इच्छा जताई है। आज के सफाई अभियान में 4 बच्चे मौजूद रहे, लेकिन आने वाले समय में यह संख्या और बढ़ेगी।

पैंथर्स क्लब का संकल्प है कि अब वे हर रविवार या स्कूल की छुट्टियों के दौरान शहर के विभिन्न हिस्सों में सामाजिक गतिविधियां और सफाई अभियान चलाएंगे। इन बच्चों का मुख्य उद्देश्य शहर के अन्य बच्चों को जागरूक करना और उन्हें इस ग्रुप के माध्यम से समाज सेवा से जोड़ना है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।