नाहन में पुलिस की बड़ी स्ट्राइक; एक ही परिवार के 4 सदस्य चिट्टे के साथ गिरफ्तार

नाहन: जिला सिरमौर में नशे के सौदागरों के खिलाफ छिड़ी जंग में पुलिस की विशेष अन्वेषण इकाई (SIU) को एक बड़ी कामयाबी हासिल हुई है। पुलिस टीम ने मंगलवार को गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए नाहन के कोटड़ी क्षेत्र में एक गाड़ी से 15.73 ग्राम चिट्टा (हैरोइन/स्मैक) बरामद करने में सफलता प्राप्त की है। इस मामले में पुलिस ने एक ही परिवार के तीन सदस्यों सहित कुल चार आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, आज एसआईयू टीम को पुख्ता जानकारी मिली थी कि गाड़ी नंबर HP18C 8477 में सवार होकर लतिका नामक महिला अपने परिवार के सदस्यों के साथ चिट्टे की एक बड़ी खेप लेकर कोटड़ी स्थित अपने किराए के मकान की ओर जा रही है। सूचना में यह भी बताया गया कि यह समूह पिछले काफी समय से क्षेत्र में नशा बेचने के अवैध कारोबार में संलिप्त है। इस सूचना पर पुलिस टीम ने तुरंत जाल बिछाया और चिन्हित गाड़ी को रोककर उसकी गहन तलाशी ली।

तलाशी के दौरान गाड़ी में सवार व्यक्तियों के कब्जे से कुल 15.73 ग्राम चिट्टा/स्मैक बरामद की गई। इसके अतिरिक्त, पुलिस ने उनके पास से 10,450 रुपये की नकदी भी बरामद की है। शुरुआती जांच में यह अंदेशा जताया जा रहा है कि यह नकद राशि नशीले पदार्थों की बिक्री से अर्जित की गई है। पुलिस ने नशे की खेप, नकदी और वारदात में इस्तेमाल की गई गाड़ी को तुरंत अपने कब्जे में ले लिया।

पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान राघवन कुमार उर्फ रोक्स, लतिका और निखिल कुमार के रूप में हुई है, जो सभी मकान नंबर 332, दुर्गा कॉलोनी, कालाअम्ब (अम्बाला, हरियाणा) के निवासी हैं। इनके साथ ही पुलिस ने पिंकी उर्फ नैन्सी (निवासी सोलन) को भी गिरफ्तार किया है, जो वर्तमान में नाहन के कोटड़ी में लतिका के साथ रह रही थी। पकड़े गए आरोपियों में एक ही परिवार के सदस्यों की संलिप्तता ने पुलिस को भी चौंका दिया है।

एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने मामले की पुस्टि करते हुए बताया कि पुलिस थाना नाहन में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब आरोपियों को माननीय अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल करने की प्रक्रिया में है। दौराने रिमांड पुलिस यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि नशे की यह खेप कहाँ से लाई गई थी और स्थानीय स्तर पर किन-किन लोगों को बेची जानी थी।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।